राजधानी

Image Alt Text

भोपाल में हर दिन बेचा 3.02 लाख लीटर सांची दूध, कमाए 8.64 करोड़

राजधानी

भोपाल दुग्ध संघ की 43वीं वार्षिक साधारण सभा में कई प्रस्तावों पर लगी मोहर 

भोपाल। भोपाल सहकारी दुग्ध संघ की 43वीं वार्षिक साधारण सभा वर्ष 2024-25, 29 सितम्बर को पंडित खुशीलाल शर्मा शासकीय (स्वशासी) आयुर्वेद महाविद्यालय एवं संस्थान, भोपाल के सभागार में हुई। वार्षिक साधारण सभा की अध्यक्षता प्रशासक, भोपाल सहकारी दुग्ध संघ मर्यादित, भोपाल के प्रतिनिधि, अतिरिक्त अनुविभागिय अधिकारी प्रकाश नायक ने की। संघ के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, प्रीतेश जोशी ने वार्षिक साधारण सभा में रखे गए प्रस्तावों का पर अनुमोदन किया। 

श्री जोशी ने सभा में बताया कि भोपाल सहकारी दुग्ध संघ ने वर्ष 2024-25 में 2110 सहकारी दुग्ध समितियों के माध्यम से औसतन 3.15 लाख किलोग्राम प्रतिदिन दूध एकत्रित किया एवं अभी तक की सर्वोच्च क्रय दर 840 रुपए प्रति किलोग्राम फेट के हिसब से दुग्ध उत्पादकों को कुल 485 करोड़ का भुगतान किया। उन्होंने बताया कि एक साल में सहकारी दुग्ध समितियों ने कुल 8.64 करोड़ का शुद्ध लाभ अर्जित किया है। हर दिन बेचा 3.02 लाख लीटर दूध 

सीईओ श्री जोशी ने बताया कि संघ द्वारा एक साल में शहरी उपभोक्ताओं को औसतन 3.02 लाख लीटर प्रतिदिन पैकेट्स के माध्यम से बेचा। इसके अलावा डेयरी संयंत्र में निर्मित साँची ब्राण्ड के दुग्ध उत्पाद स्थानीय उपभोक्ताओं की मांग अनुरूप उपलब्ध कराए गए। भारतीय खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा दुग्ध संघ को ‘ए प्लस’ श्रेणी दी गई। निर्धारित 106 में 103 अंक दुग्ध संघ द्वारा अर्जित किये।

एक साल में कराए 1.33 लाख कृत्रिम गर्भाधान

श्री जोशी ने सभा में बताया कि संघ द्वारा संचालित 318 कृत्रिम गर्भाधान केन्द्रों द्वारा एक साल में 1.33 लाख कृत्रिम गर्भाधान कराए।  संघ के प्रशिक्षण केन्द्र में समय-समय पर शिक्षण, प्रशिक्षण एवं अभिप्रेरण कार्यक्रम के अंतर्गत 434 दुग्ध समिति सदस्यों/ कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया। दुग्ध संघ द्वारा दुग्ध समिति एवं सदस्यों के लिये विभिन्न कल्याणकारी योजनाये भी संचालित की जा रही है।

‘साँची ब्राण्ड’ की छवि को बनाए रखें: डा. गोवाणी

मध्य प्रदेश राज्य सहकारी डेयरी फेडरेशन लिमिटेड भोपाल के प्रबंध संचालक डा. संजय गोवाणी ने सभी संघ प्रतिनिधियों से आग्रह करते हुए कहा कि प्राथमिक सहकारी समिति स्तर पर अपमिश्रित दूध को हर परिस्थिति में हतोत्साहित करें तथा दुग्ध संघ की छवि के साथ-साथ ‘साँची ब्राण्ड’ की छवि को यथावत बनाये रखने में सहयोग करें।