Breaking News:
राजधानी
सनातन संस्कृति त्यौहारों में छिपे बेहतर जीवन के संदेश: डॉ. यादव
राजधानी
राजधानी में हुआ गोवर्धन पूजा का राज्य स्तरीय कार्यक्रम, मुख्यमंत्री हुए शामिल
भोपाल। भारतीय संस्कृति और परम्पराओं में बेहतर जीवन के कई सूत्र समाहित हैं। योग और आयुर्वेद के सिद्धांत इसी के प्रमाण है। सनातन संस्कृति के प्रत्येक त्यौहार में कोई न कोई संदेश निहित है। उत्साह और उल्लास के साथ त्यौहार मनाने से समाज में नई ऊर्जा का संचार होता है। गोवर्धन पर अन्नकूट का आयोजन भी इसी आनंद का भाग है। सरकार ने उन त्यौहारों को मिल-जुलकर मनाने की पहल की है, जिनमें संस्कार और संदेश निहित हैं। यह बात मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार को राजधानी के रविन्द्र भवन में आयोजित गोवर्धन पूजा के राज्य स्तरीय कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही। कार्यक्रम में पशुपालन मंत्री लखन पटेल, खेल मंत्री विश्वास सारंग, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री कृष्णा गौर, सांसद आलोक शर्मा, विधायक भगवानदास सबनानी, रामेश्वर शर्मा, महापौर मालती राय सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कृष्ण का नाम नहीं, गाय पाले वो गोपाल
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘गोपाल’ श्री कृष्ण का नाम, उनकी पहचान नहीं थी। गोपाल कौन, जो गाय पाले वो गोपाल। उन्होंने यह पहचान स्थापित की कि हां हम सब गोपाल है, जो गौ-पालन करे वो गोपाल। गौ माता के माध्यम से हमारी संस्कृति ने हमें उस पर कितना निर्भर बनाया है कि अगर भूले-भटके हम भूल भी जाएं तो हमारे देवी-देवता हमें फिर से याद दिला देते हैं।
जैविक खेती की उपज की अलग ही ताकत
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि जाने-अनजाने बीते 40 से 50 सालों में खेती में कई परेशानियां भी बढ़ीं। उपज बढ़ाने के लिए हम एनपीके, यूरिया न जाने क्या-क्या डालते रहे? पहले भी गोबर डालते थे आज भी गोबर डालो हमारा इतना सरल सूत्र था। हमारे यहां प्राकृतिक तरीके से जो हुई जैविक खेती से उपजी फसल की अलग ही ताकत होती है। इस क्षेत्र में कई प्रयोग भी चल रहे हैं। उन्होंने कहा कि गाय के दूध से बना घी अमृत के समान है। दुर्भाग्य से डेनमार्क और ब्राजील जहां हमारे यहां से गाय गईं, लेकिन, डॉक्टर हमारे यहां से सीखी हुई चीजें ही हमें बताते हैं।
दूध की राजधानी बनेगा मध्य प्रदेश
मुख्यमंत्री ने कहा, आज गौ माता को लेकर मध्य प्रदेश सरकार ने कई योजनाएं बनाई है। मप्र प्राकृतिक खेती में पहले नंबर का राज्य है। डेयरी में भी मप्र तीसरे नंबर पर है। हमारा प्रयास है की दूध उत्पादन में भी मप्र पहले नंबर का राज्य बने और दूध उत्पादन का जब भी नाम आए तो लोग मप्र को याद करें। देश में मध्य प्रदेश दूध की राजधानी बने। मुख्यमंत्री ने गौवंश संरक्षण के लिए समाज से आगे आने की अपील भी की।
सडक़ों से पशुधन हटाने बना रहे स्वाबलंबी गौशाला: पटेल
पशुपालन मंत्री लखन पटेल ने गोवर्धन पूजा की पुरानी परंपरा को शासन स्तर से मनाने के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि इस पूजा को शासकीय स्तर पर आयोजित करने का यह दूसरा वर्ष है। स्वाब लंबी गौ शाला में 5 हजार से अधिकतम 25 हजार गौ वंश रखे जा सकेंगे। कई लोग गाय का दूध निकालकर सडक़ पर छोड़ देते हैं। सडक़ से गौ माता को हटाने के लिए स्वाब लंबी गौ शाला बनाने की योजना बनाई है। आज गांव- गांव में गोवर्धन पूजा हो रही है।
गौपालन के क्षेत्र में इनका हुआ सम्मान
गौसेवा से संबंधित उत्कृष्ठ एवं उल्लेखनीय कार्य करने वाले व्यक्तियों और संस्थाओं को सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने गौकृपा पंचगव्य आयुर्वेद संस्थान के हुकुमचंद पाटीदार, अखिल विश्व गायत्री परिवार के सूरज परमार, बृजमोहन रामकली गौसंवर्धन केन्द्र के प्रहलाद दास मंगल, महामृत्युंजय गौशाला के बृजेश व्यास तथा केन्द्रीय जेल भोपाल में संचालित श्रीकृष्ण गौशाला के लिए जेल अधीक्षक राकेश कुमार भांगने का सम्मान किया।
मुख्यमंत्री निवास और उज्जैन में भी गोवर्धन पूजा
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मुख्यमंत्री निवास में भी पूजा की साथ ही गौ-पूजन भी किया। मुख्यमंत्री उज्जैन की तिलकेश्वर गौशाला में आयोजित अन्नकूट कार्यक्रम में भी शामिल हुए। उन्होंने यहां शिवलिंग पर पूजन अर्चन कर श्रद्धालुओं को संबोधित भी किया।
ट्रेंडिंग खबरें
मध्यप्रदेश
रोटेशन नहीं ट्रांसफर हैं ये: चेकपोस्ट व्यवस्था के बाद ही जारी होगी परिवहन विभाग की...
05-05-26
राजनीति
मोदी की झोली में बंगाल की ममता, भगवा हो गया ‘झालमुई’ का रंग, प्रधानमंत्री बोले...
04-05-26
राजधानी
कौशल शर्मा ने ग्रहण किया महर्षि पतंजलि संस्कृत संस्थान के अध्यक्ष का पदभार
04-05-26
राजनीति
पश्चिम बंगाल विजय पर भाजपा कार्यालय में मना उत्सव, ढोल-नगाड़ों के बीच झूमे कार्यकर्ता, प्रदेश...
04-05-26
राजधानी
‘एक्टिव मोड’ में कार्य करें अधिकारी, लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई, समय सीमा बैठक में...
04-05-26