राजधानी

Image Alt Text

राजधानी में शुरू हुआ एसआईआर का घर-घर सर्वे

राजधानी

जिले में घर-घर पहुंचेंगे 2029 बीएलओ और 250 सुपरवाईजर

भोपाल। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर भोपाल जिले में मतदाता सूची के गहन परीक्षण (एसआईआर) का काम मंगलवार, 4 नवम्बर से शुरू हो गया। जिले में 2029 बीएलओ और 250 सुपरवाइजर एक महीने तक घर-घर पहुंचकर परिवार के सदस्यों की पहचान एवं नया व पूर्व से मतदाता होने संबंधी जानकारी वाला फार्म सौपेंगे और प्रत्येक परिवार द्वारा फार्म में जानकारी भरे जाने के बाद बीएलओ इसे वापस प्राप्त करेंगे। वर्तमान में भोपाल जिले में लगभग 21 लाख मतदाता हैं। एसआईआर में नए मतदाता भी जोड़े जाएंगे और दिवंगत और गलत तरीके से जुड़े मतदाता सूची से हटेंगे। 

हर घर में तीन बार पहुंचेंगे बीएलओ

एसआईआर के दौरान बीएलओ हर घर पर 3 बार दस्तक देंगे और मतदाता को दो प्रतियों में ‘गणना पत्रक’ सौपेंगे। एक प्रति मतदाता के पास और दूसरी बीएलओ के पास रहेगी। एक महीने तक डोर-टू-डोर सर्वे होगा। दिसंबर में प्रारंभिक सूची जारी होगी। 3 जनवरी तक आपत्ति या सुधार किए जा सकेंगे। 7 फरवरी को अंतिम लिस्ट प्रकाशित होगी।

कलेक्टर ने स्वयं बांटे पत्रक 

अभियान के पहले दिन राजधानी में कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने स्वयं कुछ क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को गणक पत्रक सौंपे। उन्होंने लोगों से चर्चा की और उन्हें फार्म संबंधी जानकारी दी। कलेक्टर श्री सिंह ने बताया कि एसआईआर के तहत हर बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं की जानकारी सत्यापित करेगा। इस दौरान कोई दस्तावेज नहीं लिए जाएंगे। जो भी जानकारी दी जाएगी, उसका सत्यापन गणना पत्रक से किया जाएगा। जो अधिकारी काम में लापरवाही करेंगे, उन पर कार्रवाई होगी। पहले दिन भोपाल के सभी एसडीएम और तहसीलदार भी इस काम में जुटे। उप जिला निर्वाचन अधिकारी भुवन गुप्ता के अनुसार आगामी 4-5 दिन तक फॉर्म वितरण किए जाएंगे। इसके बाद फार्म एकत्रित किए जाएंगे। 

पत्रक में भरकर देनी होगी यह जानकारी 

बीएलओ द्वारा उपलब्ध कराए जाने वाले गणना पत्रक में हर परिवार के प्रत्येक सदस्य के नाम, पता, उम्र और इपिक नंबर जैसी जानकारी देनी होगी। पत्रक के कॉलम में परिवार में किसी मतदाता की मृत्यु होने, अन्यत्र विस्थापित होने अथवा दूसरे राज्य में मतदाता के रूप में पंजीकृत होने संबंधी जानकारी भरनी होगी। बाद में गहन परीक्षण के लिए विधानसभा प्रभारी एसडीएम नोटिस देकर पत्रक में भरी जानकारी से संबंधित दस्तावेज मांग सकते हैं।