राजधानी

Image Alt Text

वार्षिक वेतनवृद्धि के लिए मंत्री से मिले जूडा, मिला आश्वासन

राजधानी

भोपाल। मध्य प्रदेश के जूनियर डॉक्टर एसोसिएशन (जूडा) के प्रतिनिधि मंडल ने मंगलवार को राज्य स्वास्थ्य मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल से भेंट की। जूनियर डॉक्टरों ने मंत्री के समक्ष अपनी परेशानियों और मांगों को रखा। उनका कहना था कि इस वर्ष की वार्षिक वेतन वृद्धि अब तक लागू नहीं हो सकी है। एसोसिएशन ने मंत्री से कहा कि यह मुद्दा न सिर्फ डॉक्टरों के आर्थिक हितों से जुड़ा है, बल्कि उनके मनोबल और सेवा भावना को भी प्रभावित कर रहा है। मंत्री ने भरोसा दिलाया कि सरकार डॉक्टरों के हितों को लेकर गंभीर है और जल्द ही इस दिशा में निर्णय लिया जाएगा।

प्रतिनिधि मंडल ने बताया कि पिछले कई महीनों से वार्षिक वेतन वृद्धि की फाइल लंबित है। इससे प्रदेशभर के सरकारी मेडिकल कॉलेजों और अस्पतालों में काम कर रहे जूनियर डॉक्टर आर्थिक और मानसिक दबाव महसूस कर रहे हैं। डॉक्टरों ने कहा कि उनकी सेवा मरीजों की जान से सीधा जुड़ी है, इसलिए उनका मनोबल बनाए रखना बेहद जरूरी है।

मंत्री श्री पटेल ने जूडा की बात गंभीरता से सुनी और कहा कि राज्य सरकार चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े मुद्दों पर संवेदनशील है। उन्होंने बताया कि विभाग जल्द ही फाइल की समीक्षा कर इस पर सकारात्मक निर्णय लेगा। उन्होंने एसोसिएशन से कहा कि संवाद और सहयोग से ही स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाया जा सकता है। प्रतिनिधि मंडल में जूडा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. कुलदीप गुप्ता, प्रदेश सचिव डॉ. निखिल अग्रवाल और संरक्षक डॉ. सिद्धार्थ कीमती शामिल रहे।