राजधानी

Image Alt Text

ड्यूटी से गायब मिले डॉक्टर, कटेगा सात दिन का वेतन

राजधानी

सीएमएचओ ने किया सरकारी डिस्पेंसरियों का औचक निरीक्षण

भोपाल। भोपाल के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी मनीष शर्मा ने गुरूवार की सुबह शहर की अलग-अलग ओपीडी और डिस्पेंसरियों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान तीन चिकित्सक ड्यूटी से गायब मिले, सीएमएचओ ने इनका सात दिन का वेतन काटने और कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। 

ओपीडी और डिस्पेंसरी के निरीक्षण के लिए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनीष शर्मा ने गुरुवार की सुबह 9 निरीक्षण के लिए निकले और 11.30 बजे तक अलग-अलग ओपीडी और डिस्पेंसरी का निरीक्षण किया। सीएमएचओ ने तीनों अनुपस्थित मिले चिकित्सकों पर कार्रवाई करते हुए कहा कि किसी भी चिकित्सक का वेतन तभी आहरित होगा, जब उसकी उपस्थिति सार्थक एप पर दर्ज मिलेगी।

ये तीन चिकित्सक मिले ड्यूटी से गायब 

सीएमएचओ सुबह 9.30 बजे सिविल डिस्पेंसरी बागसेवनिया पहुंचे, जहां  संस्था प्रभारी डॉ. स्मिता लाड अनुपस्थित मिलीं। सुबह 10.30 बजे वे शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कोकता पहुंचे, जहां पदस्थ डॉ. सलोनी सिंह उपस्थित नहीं मिलीं। हालांकि उनकी उपस्थिति सार्थक एप पर दर्ज थी। इसी क्रम में सुबह 11.30 बजे तक संजीवनी क्लिनिक हबीबिया स्कूल में ड्यूटी पर रहने वाली डॉ. समरीन खान भी नहीं पहुंची। सीएमएचओ ने इन तीनों चिकित्सकों को कारण बताओ नोटिस जारी कर 24 घंटे में स्पष्टीकरण मांगा है। 

तीन नोटिस के बाद विभागीय कार्रवाई

डॉ. शर्मा ने बताया कि डॉक्टरों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए निरीक्षण अभियान जारी रहेगा। लगातार तीन बार नोटिस मिलने के बाद भी सुधार न करने वाले चिकित्सकों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि मरीजों को ओपीडी में समय पर चिकित्सा सेवा मिलना सबसे पहली प्राथमिकता है, और लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।