मध्यप्रदेश

Image Alt Text

सात दिन में करें शत-प्रतिशत मैंपिंग, झुग्गी क्षेत्रों में लगाएं शिविर

मध्यप्रदेश

एसआईआर के लिए बीएलओ मैपिंग कम होने से भारत निर्वाचन आयोग की निदेशक ने जताई नाराजगी

भोपाल। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा कराए जा रहे मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के कार्य के पहले चरण में ही भोपाल जिला पिछड़ता नजर आ रहा है। गुरूवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में एसआईआर की तैयारियों और कार्यवाही के संबंध में ली गई समीक्षा बैठक में भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली की निदेशक सुश्री शुभ्रा सक्सेना ने जिले की बीएलओ एप पर मैपिंग कम होने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए बीएलओ से ऑनलाइन डेटा एप पर शीघ्र अपलोड करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्देशित किया कि आगामी 7 दिनों में 2003 की मतदाता सूची से मिलान कर पात्र मतदाताओं की बीएलओ एप पर शत-प्रतिशत मैपिंग की जाए। भोपाल के झुग्गी बस्ती क्षेत्रों में विशेष शिविर आयोजित कर एसआईआर के काम में तेजी लाएं। 

कलेक्टर-निगमायुक्त को दिए निर्देश 

कलेक्टर एवं नगर निगम आयुक्त को शहरी क्षेत्र में बीएलओ के साथ संयुक्त रूप से एसआईआर का कार्य करने और नगर निगम कार्यालय में हेल्प डेस्क को और सशक्त बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को मतदाता सूची को पूरी तरह शुद्ध और त्रुटिरहित रखने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।  बैठक में भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली के सचिव विनोद कुमार, राज्य निर्वाचन आयोग मप्र के संयुक्त निर्वाचन पदाधिकारी आर.पी.एस. जादौन, संजय श्रीवास्तव, उप मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुश्री सुरभि तिवारी, आयुक्त नगर निगम सुश्री संस्कृति जैन, एडीएम सुमित पांडेय सहित सभी विधानसभा क्षेत्रों के एसडीएम, ईआरओ, एईआरओ तथा बीएलओ उपस्थित रहे।

एसआईआर में आदर्श प्रस्तुत करे भोपाल

निदेशक सुश्री सक्सेना ने कहा कि भोपाल जिले को एसआईआर में उत्कृष्ट कार्य कर देश में आदर्श प्रस्तुत करना होगा। उन्होंने कहा कि राजधानी से तैयार किया गया एसआईआर मॉडल पूरे प्रदेश के लिए अनुकरणीय हो, इसके लिए सभी ईआरओ और बीएलओ मैदानी स्तर पर पूरी गंभीरता से कार्य करें। कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने बताया कि भोपाल जिले में सभी एसडीएम कार्यालय एसआईआर कार्य कर रहे हैं।

अच्छे काम के लिए बीएलओ की प्रशंसा 

बैठक में निदेशक सुश्री सक्सेना ने हुजूर विधानसभा क्रमांक 155 के बीएलओ ब्रजेश शर्मा द्वारा एक ही दिन में 76 प्रतिशत मतदाताओं की मैपिंग करने पर प्रशंसा की। ब्रजेश शर्मा ने अपने बूथ पर आईटी एक्सपर्ट वॉलिंटियर्स की सहायता से यह उपलब्धि हासिल की।

एसआईआर से मतदाताओं का न हो परेशानी 

बैठक में निदेशक सुश्री सक्सेना ने मैदानी स्तर पर कार्य कर रहे बीएलओ से वन-टू-वन चर्चा की और कहा कि एसआईआर की कार्यवाही के दौरान मतदाताओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने निर्देश दिए कि कोई भी पात्र मतदाता छूटे नहीं और कोई अपात्र मतदाता सूची में शामिल न हो। एसआईआर का मुख्य उद्देश्य शुद्ध मतदाता सूची तैयार करना है, जो पूरी तरह पारदर्शिता के साथ हो। जिनका नाम 2003 की सूची में नहीं है, उन्हें वंशावली के मतदाताओं से लिंक किया जाए।