राजनीति

Image Alt Text

अब वापस नहीं आएगी कट्टा सरकार : मोदी

राजनीति

एनडीओ को जनादेश पर बोले प्रधानमंत्री ‘बिहार की जनता ने गर्दा उड़ा दिया’

नई दिल्ली। बिहार में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) को मिले स्पष्ट जनादेश पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि बिहार के चुनाव में जब मैं जंगलराज की बात करता था, कट्टा सरकार की बात करता था तो राजद के लोग विरोध नहीं करते थे लेकिन कांग्रेस को बहुत चुभता था। लेकिन आज मैं फिर कहता हूं कि ‘अब वापस नहीं आएगी कट्टा सरकार’।

दिल्ली स्थित भाजपा के राष्ट्रीय मुख्यालय पर अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, बिहार वो धरती है, जिसने भारत को लोकतंत्र की जननी होने का गौरव दिया है। आज उसी धरती ने लोकतंत्र पर हमला करने वाली ताकतों को धूल चटाई है। बिहार ने फिर दिखाया है, ‘झूठ हारता है-जनविश्वास जीतता है’। बिहार ने डंके की चोट पर कह दिया है, जमानत पर चल रहे लोगों का जनता साथ नहीं देगी। चुनाव में बिहार की जनता ने गर्दा उड़ा दिया। 

माओवाद प्रभावित इलाकों में तीन बजे तक होता था मतदान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, यह वही बिहार है जहां कभी माओवादी आतंक हुआ करता था, जहां नक्सल प्रभावित इलाकों में दोपहर तीन बजे मतदान समाप्त हो जाता था, लेकिन इस बार लोगों ने बिना किसी डर के पूरे जोश और उत्साह के साथ मतदान किया है। आप जानते हैं कि जंगलराज के दौरान बिहार में क्या होता था। मतपेटियों को खुलेआम लूटा जाता था। आज उसी बिहार में रिकॉर्ड मतदान हो रहा है।

बिहार के लोगों ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि बिहार के लोगों ने विकसित बिहार के लिए मतदान किया है।  बिहार के लोगों ने समृद्ध बिहार के लिए मतदान किया है। मैंने चुनाव प्रचार के दौरान, बिहार की जनता से रिकॉर्ड मतदान का आग्रह किया था और बिहार के लोगों ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए। मैंने बिहार के लोगों से एनडीए को प्रचंड विजय दिलाने का आग्रह किया था, बिहार की जनता ने मेरा ये आग्रह भी माना। प्रधानमंत्री ने कहा, बिहार ने 2010 के बाद का सबसे बड़ा जनादेश एनडीए को दिया है। मैं बहुत विनम्रता से एनडीए के सभी दलों की ओर से बिहार की महान जनता का आभार व्यक्त करता हूं। मैं बिहार की महान जनता को आदरपूर्वक नमन करता हूं।

एसआईआर का जबरदस्त समर्थन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, बिहार के चुनाव ने एक और बात सिद्ध की है। अब देश का मतदाता, खासतौर पर हमारा युवा मतदाता, ‘मतदाता सूची के शुद्धिकरण को बहुत गंभीरता से लेता है। बिहार के युवा ने भी मतदाता सूची के शुद्धिकरण (एसआईआर) का जबरदस्त तरीके से समर्थन किया है। अब हर दल का दायित्व बनता है कि वे पोलिंग बूथ पर अपनी-अपनी पार्टियों को सक्रिय करें और मतदाता सूची के शुद्धिकरण के काम में उत्साह के साथ जुड़ें और शत प्रतिशत योगदान दें, ताकि बाकी जगहों पर भी मतदाता सूची का पूरी तरह शुद्धिकरण हो सके।

सही समय पर लिया गया सही फैसला: पासवान

केंद्रीय मंत्री और लोजपा (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने कहा, मैं बिहार की जनता को बधाई और शुभकामनाएं देता हूं। यह सही समय पर लिया गया सही फैसला है। हमारी डबल इंजन की सरकार एक ईमानदार प्रयास के साथ बिहार में आगे बढ़ रही है। जनता के बीच एक विश्वास बना कि जहां एक तरफ हमारा गठबंधन विकास की बात करता है तो वहीं दूसरी ओर एक ऐसा गठबंधन है जो अहंकार में डूबा हुआ है। 

सीमांचल की जनता का धन्यवाद: ओवैसी

एआईएमआईएम के प्रमुख असदुद्दीन औवेसी ने कहा, मैं सीमांचल की जनता का धन्यवाद करता हूं कि उन्होंने हमारे पांच विधायकों को जिताया। हम आज भी सीमांचल के इंसाफ की लड़ाई लड़ रहे हैं। यह बिहार की जनता का फैसला है और हमें इसे इ’जत की निगाहों से स्वीकार करना है।