मध्यप्रदेश

Image Alt Text

एक लाख युवाओं को जल्द मिलेगी सरकारी नौकरी

मध्यप्रदेश

भोपाल में मनाया गया 29वां राज्यस्तरीय युवा उत्सव, मुख्यमंत्री हुए शामिल 

भोपाल। मप्र सरकार ने वर्ष 2025 को निवेश, रोजगार और युवाओं के कौशल विकास के लिए महत्वपूर्ण वर्ष के रूप में मनाया। इस दौरान 11 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति-पत्र प्रदान किए गए। कर्मचारी चयन मण्डल एवं म.प्र. लोक सेवा आयोग के माध्यम से लगभग एक लाख पदों पर भर्ती की जा रही हैं। सरकार का लक्ष्य इसे 2.5 लाख भर्तियों तक पहुंचाने का है। यह बात मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को रवीन्द्र भवन में आयोजित 29वें राज्य स्तरीय युवा उत्सव कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही। 

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा है कि मध्यप्रदेश देश के सबसे युवा राज्यों में से एक है। हमारा प्रदेश युवा शक्ति की नई ऊर्जा, नई उमंग से भरपूर है। यही राज्य की असली मैनपावर है, जिनके हाथों में विकसित भारत का भविष्य पूरी तरह सुरक्षित है। दो दिवसीय युवा उत्सव का शुभारंभ मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्जवलित कर किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सभी संभागों के युवाओं द्वारा तैयार प्रादर्शों (माडल्स) के विज्ञान मेला प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया। युवा उत्सव का समापन 18 नवंबर को होगा।


प्रतिभाओं को सौंपी प्रोत्साहन राशि और सम्मान पत्र 

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने नृत्याचार्य पद्मश्री रामलाल बरेठ को 51 हजार रुपए, शूटिंग प्लेयर ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर को 2 लाख रुपए एवं एथलीट सुश्री रंजना यादव को एक लाख रुपए की प्रोत्साहन राशि के चेक एवं सम्मान-पत्र प्रदान किए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मां तुझे प्रणाम योजना के तहत 144 युवतियों को भारत की पश्चिमी अंतर्राष्ट्रीय सीमा भ्रमण के लिए जा रहीं 3 बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर लोक कलाकारों ने मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। युवा खेल उत्सव में प्रदेश के सभी 10 संभागों के 300 से अधिक खिलाड़ी सहभागिता कर रहे हैं।

भारत को विश्व में सिरमौर बनाने का संकल्प लें युवा: सारंग 

खेल एवं युवा कल्याण, सहकारिता मंत्री विश्वास सारंग ने अपने संबोधन में कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में प्रदेश में खेल गतिविधियों को प्रोत्साहन दिया जा रहा है। युवा खेल के माध्यम से शारीरिक रूप से स्वस्थ्य रहें, इसके लिए युवाओं को योग और खेल से जोड़ा जा रहा है। हमारे युवा विकासित भारतञ्च2047 एवं मध्यप्रदेश को समृद्ध बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा करेंगे। प्रदेश के युवाओं को प्रधानमंत्री श्री मोदी के मार्गदर्शन में भारत को सिरमौर बनाने का संकल्प लें। कार्यक्रम में विधायक भगवानदास सबनानी, महापौर मालती राय, नगर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, युवा एवं कलाकार उपस्थित रहे।