मध्यप्रदेश

Image Alt Text

मप्र के 44 जिलों में पूरा हुआ एसआईआर, 10 जिले यलो जोन, रेड जोन में सिर्फ उज्जैन

मध्यप्रदेश

भोपाल। मध्यप्रदेश के 55 में से 44 जिलों में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का शत-प्रतिशत काम पूरा हो गया है। 99.69 से 99.99 प्रतिशत तक काम पूरा कर चुके 10 जिले यलो जोन में हैं। जबकि 97.67 प्रतिशत कार्य पूरा करने वाला अकेला उज्जैन जिला रेड जोन में है। एसआईआर का काम पूरा करने की अंतिम तारीख 11 दिसम्बर है, लेकिन मप्र के 44 जिलों ने समय से पहले ही यह उपलब्धि हासिल कर ली। 

भारत निर्वाचन आयोग, मप्र के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी संजीव कुमार झा ने सभी कलेक्टर (जिला निर्वाचन अधिकारियों)को बधाई दी है। जिन जिलों में काम शत-प्रतिशत नहीं हो सका है, उन्हें भी सोमवार शाम तक काम पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। सीईओ ने सभी कलेक्टरों से कहा है कि सभी उप निर्वाचन अधिकारियों समेत बीएलओ और उनके सुपरवाईजर को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित करें। 

भोपाल में शत-प्रतिशत हुआ एसआईआर, बीएलओ सम्मानित 

भोपाल कलेक्टर कौशलेंद्र सिंह और उप निर्वाचन अधिकारी भुवन गुप्ता के निर्देशन में जिलों के सातों विधानसभा क्षेत्रों में एसआईआर का काम शत-प्रतिशत पूरा हो चुका है। कलेक्टर ने पहले बैरसिया, फिर भोपाल मध्य और रविवार को नरेला के सभी 

बीएलओ और उनके पर्यवेक्षकों को सम्मानित किया। गोविन्दपुरा आईटीआई में हुए सम्मान समारोह में उप निर्वाचन अधिकारी गुप्ता ने सभी बीएलओ को बधाई देते हुए प्रशस्तिपत्र से सम्मानित किया। उन्होंने बताया कि सोमवार से अगले चार दिनों तक सभी बूथों पर राजनीतिक दलों के एजेंट अर्थात बीएलए की बैठक लेकर उनको एसआईआर संबंधी जानकारी दें। इस कार्यक्रम में निर्वाचन से जुड़े अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।