मध्यप्रदेश

Image Alt Text

वाहन फिटनेस में गड़बड़ी की तो एटीएस होंगे निलंबित

मध्यप्रदेश


भोपाल। मध्यप्रदेश के अलग-अलग शहरों में वाहनों की फिटनेस हेतु संचालित 16 स्वचलित परीक्षण स्टेशन (एटीएस) में गड़बड़ी अथवा अनियमितता मिलने पर जांच के बाद परिवहन आयुक्त द्वारा सख्त कार्रवाई की जा रही है। शिकायत के लिए परिवहन आयुक्त ने मेल आईडी और फोन नंबर भी जारी किया है। 

एटीएस के संचालन में अनियमितता की शिकायत मिलने पर परिवहन आयुक्त विवेक शर्मा   ने विगत 22 जुलाई को सभी एटीएस संचालकों की बैठक लेकर नियम अनुसार वाहनों की फिटनेस जारी करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद एटीएस संचालन की स्थिति की जांच की गई। जांच में अनियमितता मिलने पर परिवहन आयुक्त ने वैदांती व्हीकल फिटनेसस, एसपीव्ही, इंदौर और मनाली इंडस्ट्रीज जबलपुर के दो एटीएस केन्द्रों को निलंबित कर दिया था। 

सख्ती से नियमों के पालन के निर्देश 

 परिवहन आयुक्त ने सभी एटीएस संचालकों को निर्देशित किया है कि वे नियमों का पालन सख्ती से करें। हाई सिक्यूरिटी नंबर प्लेट, व्हीकल लोकेशन ट्रेकिंग डिवाइज, स्पीड लिमिट डिवाइज, रेट्रो रिफ्लेक्टिव टेप नियमानुसार नहीं होने पर फिटनेस जारी न करने, वाहन की फिटनेस के समय केन्द्र प्रमुख अथवा फिटनेस जारी करने हेतु अधिकृत व्यक्ति केन्द्र पर उपस्थित रहने, एटीएस केन्द्र पर आने वाले प्रत्येक वाहन की वीडियो रिकार्डिंग करने जैसे निर्देश शामिल हैं। परिवहन आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि फिटनेस के समय यदि कोई अनियमितता वाहन स्वामी के संज्ञान में आती है तो वह परिवहन विभाग के मेल आईडी tcCamp2005@gmail.com अथवा फोन नंबर 07552421266 पर शिकायत दर्ज कर सकता है। 

अधिकारियों पर पहुंची फर्जी फिटनेस की शिकायतें 

एटीएस केन्द्रों द्वारा घूस लेकर फर्जी फिटनेस जारी किए जाने एवं रिश्वत नहीं देने वाले वाहनों की फिटनेस निरस्त किए जाने जैसी शिकायतें विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंची हैं। ग्वालियर, भोपाल और इंदौर में एटीएस संचालित कर रही कंपनी की इस तरह की शिकायत पहुंची है कि वाहन उपलब्ध नहीं होने की स्थिति में भी मोटी रिश्वत लेकर फिटनेस प्रमाण पत्र जारी किए जा रहे हैं।