राजनीति

Image Alt Text

दुश्मनों से निपटने मे सक्षम भारत की सेना

राजनीति

ऑपरेशन सिंदूर पर बोले मुख्यमंत्री डॉ. यादव, मोदीजी जो कहते हैं वह होता है

भोपाल। पाकिस्तान में भारतीय सेना की सर्जिकल स्ट्राइक (ऑपरेशन सिंदूर) पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि हमारी सेना भी जगत जननी मां जगदंबा नवदुर्गा के समान शक्ति संपन्न है, जो दुश्मनों से निपटने में सक्षम है। पाकिस्तान के 9 आतंकवादी ठिकानों पर भारतीय सेना ने मुंह तोड़  जवाब दिया है, पूरा देश गौरांवित  है पूरे देश आनंद में है। ऑपरेशन सिंदूर नाम से ही स्पष्ट है, सिंदूर पर हाथ लगाने वाले-गलत निगाह दौडऩे वाले को भारतीय सेना ने जवाब दिया है। डॉ यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी ने कहा था कि हर वह स्थान और हर वह व्यक्ति जो भारत की तरफ गलत निगाह से दिखेगा उसे मिट्टी में मिला देंगे। यह परिणाम सबने देखा है, मेरी अपनी ओर से प्रधानमंत्री मोदी जी को आतंकी खातमें के इस जबर्दस्त प्रहार की कोटिश: बधाई। वे जो कहते हैं, वह होता है। हमारे  रक्षा मंत्री, केंद्रीय गृहमंत्री, सरकार और पूरे भारतवासी जिन्होंने पहलगाम पर एकजुटता दिखाई, उन सबके लिए गौरव का विषय है।  इस ऑपरेशन में किसी को व्यक्तिगत हानि ना होते हुए आतंकवादी ठिकानों को निशाना बनाया गया है। यह घटना 56 इंच के सीने के सामर्थ्य को दर्शाती है। 

छात्राओं ने किया भारतीय सेना का अभिनंदन 

पाकिस्तान के विरुद्ध भारतीय सेना की सर्जिकल स्ट्राइक ‘मिशन सिंदूर’ के लिए सरोजनी नायडू महाविद्यालय, भोपाल की छात्राओं ने भारतीय सेना का अभिनंदन किया। छात्राओं ने हाथ में तिरंगा लेकर भारत माता की जय के नारे लगाए साथ ही भारतीय सेना के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित की। 

भोपाल में कई जगह मना उत्सव

पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों पर भारतीय सेना की सर्जिकल स्ट्राइक (ऑपरेशन सिंदूर) को लेकर भोपाल में उत्सवी माहौल नजर आया। युवाओं ने सडक़ों पर उतरकर उत्साह के साथ आतिशबाजी की एवं भारतीय सेना और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जिंदाबाद के भी नारे लगाए। विद्यार्थी परिषद की छात्राओं ने इस पराक्रम के लिए भारतीय सेना का सम्मान भी किया। संस्कृति बचाओ मंच ने बुधवार दोपहर लिंक रोड नंबर दो पर पाकिस्तान के खिलाफ नारेबाजी की। मंच के अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारतीय सेना की खुलकर सराहना की है। उन्होंने कहा कि हमें आतंक की जड़ को पूरी तरह खत्म करना चाहिए। 

आज देश के लिए ऐतिहासिक दिन: वीडी शर्मा

ऑपरेशन सिंदूर पर प्रतिक्रिया में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि भारत ने मंगलवार देर रात ऑपरेशन सिंदूर के तहत पहलगाम आतंकी हमले के गुनहगारों को मुंहतोड़ जबाव दिया है। आज देश के लिए ऐतिहासिक दिन है। भारतीय सेना ने पीओके में नौ आतंकी ठिकानों पर एयर स्ट्राइक की है। भारत की सेनाओं ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को पूरी सफलता के साथ सम्पन्न किया है। श्री शर्मा ने कहा कि ‘मोदी है तो मुमकिन है’ ‘भारत माता की जय’ और ‘जय हिंद’ के नारों के साथ यह ऑपरेशन साकार हुआ है। पूरा देश प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ खड़ा है।