राजधानी

Image Alt Text

गौकशी मामले में आरोपियों पर कार्रवाई की मांग, केन्द्रीय गृहमंत्री के नाम पुलिस अयुक्त को सौंपा ज्ञापन

राजधानी

भोपाल। नगर निगम के स्लॉटर हाउस में गौ कसी मामले में दोषियों पर कार्रवाई को लेकर हिंदू उत्सव समिति के अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी के नेतृत्व में हिन्दू समाज ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नाम भोपाल पुलिस आयुक्त को ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में मुख्य आरोपी असलम कुरैशी सहित पूरे नेटवर्क पर सख्त कार्रवाई की मांग की गई है।

ज्ञापन में कहा गया है कि असलम कुरैशी और उसके सहयोगियों पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत कार्रवाई की जाए। साथ ही पूरे मामले की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो को सौंपी जाए, ताकि संगठित अपराध से जुड़े सभी सहयोगी, संरक्षक और लाभार्थी सामने आ सकें। समिति ने ज्ञापन में उल्लेख किया कि प्रदेश में लंबे समय से भाजपा की सरकार है और गौ-संरक्षण को लेकर लगातार दावे किए जाते रहे हैं। इसके बावजूद भोपाल में गौ-तस्करी और गोमांस से जुड़े मामलों में बढ़ोतरी चिंता का विषय है। संगठन का कहना है कि जमीनी हकीकत और सरकारी दावों के बीच बड़ा अंतर नजर आ रहा है।

गौकशी का अंतर्राज्जीय संगठित नेटवर्क 

हिंदू उत्सव समिति का दावा है कि उसकी सक्रियता और सतर्कता के चलते हाल ही में लगभग 26 टन गो-मांस जब्त किया गया। इस मामले में असलम कुरैशी को मुख्य आरोपी बताया गया है। समिति के अनुसार यह प्रकरण किसी एक व्यक्ति तक सीमित नहीं, बल्कि एक अंतरराज्यीय संगठित नेटवर्क की ओर संकेत करता है।

एसआईटी की जांच पर उठ रहे सवाल 

राज्य सरकार द्वारा गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) को लेकर समिति ने असंतोष व्यक्त किया है। ज्ञापन में कहा गया कि एसआईटी के गठन के बावजूद अब तक कोई ठोस रिपोर्ट या निर्णायक कार्रवाई सामने नहीं आई है, जिससे आम जनता में प्रशासन की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। तिवारी ने कहा कि स्लॉटर हाउस बंद होने के बावजूद अवैध कटान और गौ-तस्करी की घटनाएं जारी हैं। उनका कहना है कि सीबीआई जांच से पूरे मामले में शामिल अधिकारी, कर्मचारी और अन्य सहयोगी बेनकाब होंगे और सच्चाई सामने आएगी। समिति ने साफ किया कि यह ज्ञापन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को स्पीड पोस्ट के माध्यम से भी भेजा जाएगा। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि दोषियों पर त्वरित और कड़ी कार्रवाई नहीं हुई, तो यह सामाजिक संतुलन और कानून-व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती बन सकता है।