Breaking News:
राजनीति
पश्चिम बंगाल विजय पर भाजपा कार्यालय में मना उत्सव, ढोल-नगाड़ों के बीच झूमे कार्यकर्ता, प्रदेश अध्यक्ष ने मिठाई के साथ खिलाई झालमुड़ी
राजनीति
भोपाल। पश्चिम बंगाल सहित चार राज्यों और एक केन्द्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में से तीन में भारतीय जनता पार्टी की जीत के संकेतों के साथ ही सोमवार शाम मध्यप्रदेश भारतीय जनता पार्टी के कार्यालय में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने विजय उत्सव मनाया। जीत की घोषणा के बाद कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को बधाई दी। ढोल-नगाड़ों के बीच पार्टी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कार्यकर्ताओं को मिठाई और झालमुड़ी खिलाकर एक दूसरे को बधाई दी।
उल्लेखनीय है कि भाजपा ने असम और पुडुचेरी के अलावा पहली बार पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी को बड़ी सफलता मिली है। चुनाव के रुझान आते ही पार्टी नेता और कार्यकर्ता पश्चिम बंगाल 12 बजे के बाद जब पार्टी पूर्ण बहुमत का आंकड़ा पार कर गई तो कार्यकर्ता पार्टी कार्यालय पहुंचना शुरू हो गए थे। दोपहर 2 बजे से कार्यकर्ताओं ने बधाईयां देना शुरू कर दिया था। वहीं शाम 5.30 बजे पार्टी कार्यालय में विजय उत्सव आयोजित हुआ, जिसमें प्रदेश अध्यक्ष श्री खंडेलवाल सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।
जीत से पहले तैयार कराई झालमुड़ी
पश्चिम बंगाल में जीत को लेकर आश्वस्त पार्टी नेताओं ने झालमुड़ी पहले से तैयार करा रखी थी। जैसे ही पार्टी की जीत तय हो गई, कार्यकर्ताओं ने झालमुड़ी बांटना और खिलाना शुरू कर दिया था। उल्लेखनीय है कि पश्चिम बंगाल में चुनाव प्रचार के लिए पहुंचे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विगत 19 अप्रैल को झाडग़्राम में एक चुनावी रैली के दौरान सडक़ किनारे रुककर झालमुड़ी खाई थी। उन्होंने दुकानदार विक्रम शाह से बात भी की और झालमुड़ी कीमत 10 रुपये भी स्वयं ही भुगतान किए थे।
तेज गति से होगा बंगाल का विकास: डॉ. यादव
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व पर विश्वास व्यक्त करते हुए राज्य के विकास के लिए तृणमूल कांग्रेस को सत्ता से दरकिनार कर भारतीय जनता पार्टी को चुनने का कार्य किया है। अब बंगाल का विकास सुनिश्चित और तेज गति से होगा।
पीछे हुईं राष्ट्र विरोधी ताकतें:खंडेलवाल
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने पश्चिमबंगाल, असम और पांढुचेरी में पार्टी की जीत पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि तमिलनाडू में भी राष्ट्र विरोधी ताकतें पीछे हुई हैं। उन्होंने कहा, मोदी जी के नेतृत्व में पार्टी ऐतिहासिक जीत की तरफ अग्रसर है। एक ऐसी पार्टी-एक ऐसा नेता, जिन्होंने हमेशा आम लोगों के हित में काम किया।भारत का मान बढ़ाया, वो हर तरफ जीत की ओर अग्रसर हैं।
भावुक हुए मंत्री कैलाश विजयवर्गीय
पश्चिम बंगाल में ऐतिहासिक जीत के बाद मंत्री कैलाश विजयवर्गीय इंदौर में मीडिया से चर्चा के दौरान भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि यह जीत केवल सीटों का आंकड़ा नहीं, बल्कि दमनकारी शासन के अंत की शुरुआत है।उन्होंने कहा कि बंगाल में उन्हें जिस तरह निशाना बनाया गया, वह असहनीय था। उनके अनुसार, उन पर गंभीर और झूठे आरोप लगाकर मनोबल तोडऩे की कोशिश की गई। विजयवर्गीय ने कहा कि ये आंसू कमजोरी के नहीं, बल्कि अन्याय पर मिली जीत की खुशी के हैं। बंगाल में भ्रष्टाचार, महिलाओं के अपमान और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के दोषियों को अब सजा मिलेगी।
बंगाल की विजय अद्भुत-असाधारण: शिवराज
तीन राज्यों की विजय पर केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के भोपाल स्थित निवास पर उत्सव मना। अतिशबाजी के बीच कार्यकर्ताओं ने झालमुड़ी बांटी। इस दौरान मीडिया से चर्चा में श्री चौहान ने कहा कि उम्मीद नहीं महाविजय का पूरा विश्वास था। एक संकल्प, एक सपना साकार हुआ है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में श्यामा प्रसाद मुखर्जी की आत्मा गदगद होगी। बंगाल की विजय अद्भुत, असाधारण है। पूरा देश मानता है की मोदी है तो मुमकिन है। उन्होंने कहा कि जनता ने घटिया वोट बैंक की राजनीति को नकार दिया है। असम का असाधारण प्रदर्शन है। तमिलनाडु में भी जिनका काम बीजेपी का विरोध था, वह आज चारोखाने चित्त है। पुडुचेरी में फिर एनडीए की सरकार बन रही है। उन्होंने कहा कि अमित शाह की अचूक रणनीति, मोदी जी का अभिनंदन, नितिन जी को धन्यवाद और बंगाल, असम, पुडुचेरी की जनता का दिल से आभार।
बंगाल में दीदी का भय समाप्त: सारंग
पश्चिम बंगाल और असम के चुनाव परिणामों पर प्रतिक्रिया में मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि बंगाल में ममता दीदी का भय समाप्त हुआ है। नरेंद्र मोदी जी का भरोसा कायम हुआ है। मोदी जी का जलवा और कमल की लहर पूरे देश में है। डबल इंजन की सरकार अब असम के साथ बंगाल में भी हैं। उन्होंने कहा कि बंगाल का वो गरिमामई इतिहास जिस पर दीदी ने कुठाराघात किया था । आज से वो दीदी का राज खत्म हो रहा है । आज से बंगाल में भाजपा की सरकार बन रही है। विकास के नए आयाम अब स्थापित होंगे।पूरे देश की राजनीति में बंगाल से यह एक बड़ा राजनीतिक संदेश है।
जनता के भरोसे की जीत: रामेश्वर
पश्चिम बंगाल की जीत पर विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा यह जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर पश्चिम बंगाल की जनता के भरोसे की जीत है । यह जीत गृह मंत्री अमित शाह जी की रणनीति की जीत है। यह बंगाल के करोड़ो सनातनियों की जीत है जिन्होंने वर्षों तक संघर्ष किया।
अन्य खबर
ट्रेंडिंग खबरें
राजनीति
मोदी की झोली में बंगाल की ममता, भगवा हो गया ‘झालमुई’ का रंग, प्रधानमंत्री बोले...
04-05-26
राजधानी
कौशल शर्मा ने ग्रहण किया महर्षि पतंजलि संस्कृत संस्थान के अध्यक्ष का पदभार
04-05-26
राजनीति
पश्चिम बंगाल विजय पर भाजपा कार्यालय में मना उत्सव, ढोल-नगाड़ों के बीच झूमे कार्यकर्ता, प्रदेश...
04-05-26
राजधानी
‘एक्टिव मोड’ में कार्य करें अधिकारी, लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई, समय सीमा बैठक में...
04-05-26
राजधानी
रेखा यादव ने संभाला महिला आयोग अध्यक्ष का कार्यभार
04-05-26