राजनीति

Image Alt Text

पं. दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि पर भाजपा ने प्रदेशभर में किए श्रद्धांजलि कार्यक्रम, मुख्यमंत्री ने भोपाल, प्रदेश अध्यक्ष ने भोपाल में अर्पित की पुष्पांजलि

राजनीति

भोपाल।जनसंघ के संस्थापक, एकात्म मानववाद के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि पर भाजपा ने प्रदेशभर में पुष्पांजलि कार्यक्रम आयोजित किए। प्रदेशभर में बूथ स्तर पर कार्यक्रम आयोजित कर स्व. उपाध्याय की प्रतिमाओं पर भाजपा नेताओं, पदाधिकारियों ने श्रद्धासुमन अर्पित किए और उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। 

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल में लालघाटी स्थित उनकी प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि पं. दीनदयाल उपाध्याय ने गरीबों के उत्थान, समाज में समानता और स्वावलंबन को लेकर जो मार्गदर्शन दिया, वह आज भी हमारे लिए प्रेरणास्रोत हैं। भाजपा सरकारें एकात्म मानववाद के सिद्धांतों पर चलते हुए अंतिम पंक्ति के अंतिम व्यक्ति के कल्याण के लिए कार्य कर रही हैं। दीनदयाल जी ने समाज में समानता के नए सिद्धांत प्रतिपादित किए हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने बैतूल विधानसभा क्षेत्र के गंज मंडल, टैगोर वार्ड, बूथ क्रमांक 112 में पं. दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित कर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि एकात्म मानववाद के माध्यम से पं. दीनदयाल उपाध्याय ने समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने का जो अंत्योदय मंत्र दिया, वह आज भी आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का आधार है। आजादी के बाद देश को एकजुट करने में पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने महती भूमिका निभाई है। पं. दीनदयाल जी भारत की सांस्कृतिक चेतना, वैचारिक राजनीति के आधार स्तंभ थे।

पंडित जी ने प्रतिपादित किए गरीब उत्थान और समानता के सिद्धांत 

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि आजादी के समय से ही दुनिया में दो विचारधाराओं का प्रभाव रहा। एक तरफ समाजवाद और दूसरी तरफ चीन में माओवाद और उनके समर्थक थे। अमेरिका और अन्य देशों ने समाजवाद का अलग रूप देखा, लेकिन ऐसे समय में पं. दीनदयाल उपाध्याय ने भारतीय संस्कृति और लोकतांत्रिक मूल्यों के आधार पर गरीबों के उत्थान और समाज में समानता के नए सिद्धांत प्रतिपादित किए। उन्होंने अमीर और गरीब के बीच भावनात्मक संबंध स्थापित करने और समाज में स्वावलंबन के मार्ग को दिखाने का अद्वितीय कार्य किया। उन्होंने सांस्कृतिक विरासत के साथ सनातन संस्कृति को जोडक़र बेहतर से बेहतर क्या हो सकता है, उसे प्रतिपादित किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देश दृढ़ता से खड़ा है और विभिन्न क्षेत्रों में गरीबों के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, गैस, रोजगार और स्वावलंबन की व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। इस दौरान मध्यप्रदेश शासन के मंत्री विश्वास सारंग, जिला अध्यक्ष रविन्द्र यति, महापौर श्रीमती मालती राय एवं जिला प्रभारी जसवंत सिंह हाड़ा सहित जिला पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। 

क्षेत्रीय संगठन महामंत्री ने अर्पित किए श्रद्धासुमन 

भाजपा के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने भाजपा प्रदेश कार्यालय में पं. दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस दौरान पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष शैलेन्द्र बरूआ, सुरेंद्र शर्मा, प्रदेश मंत्री लोकेन्द्र पाराशर एवं प्रदेश कार्यालय मंत्री श्याम महाजन सहित पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।