राजधानी

Image Alt Text

प्रदेशभर के आयुक्त, कलेक्टर और नगर निगम आयुक्त आज भोपाल में,जनगणना से पहले राजधानी में अधिकारियों का प्रशिक्षण कल

राजधानी

भोपाल। मध्यप्रदेश सहित देशभर में जनगणना के लिए प्रशासनिक तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। दो चरणों की जनगणना में अप्रैल २०२६ से से मकानों की गिनती, फिर दूसरे चरण में फरवरी २०२७ से जनसंख्या की जानकारी ली जाएगी। मप्र में जनगणना के लिए अप्रैल तक डेढ़ लाख कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जानी है। इसके प्रशिक्षण के लिए प्रदेशभर के शीर्ष प्रशासनिक अधिकारी शुक्रवार को भोपाल पहुंचेंगे। 

शुक्रवार, १३ फरवरी को प्रदेश के सभी संभागों के संभागीय आयुक्त,  ५५ जिलों के कलेक्टर एवं १६ नगर निगमों के आयुक्त जनगणना प्रशिक्षण के लिए भोपाल पहुंचने वाले हैं। जनगणना के प्रथम चरण के अंतर्गत मकानों की गणना के प्रशिक्षण के लिए इन्हें भोपाल बुलाया गया है। रजिस्ट्रार जनरल आफ इंडिया की उपस्थिति में होने वाले प्रशिक्षण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी मौजूद रहेंगे। गृह विभाग के सचिव और राज्य नोडल अधिकारी जनगणना अभिषेक सिंह ने सभी जिलाधीशों, संभागीय आयुक्तों, नगर निगम आयुक्तों को पत्र लिखा है। इसमें कहा गया है कि जनगणना २०२७ के पहले चरण के लिए १३ फरवरी को प्रशिक्षण दिया जाना है। इसका पहला चरण मकान गणना के रूप में इसी साल एक मई से शुरू होने वाला है। इसके लिए राज्य स्तरीय प्रशिक्षण कांफ्रेंस का आयोजन किया जा रहा है।

जनगणना के इन बिन्दुओं पर होगा प्रशिक्षण 

जनगणना २०२७ के लिए तय नीति के अंतर्गत कितने दिन में जनगणना होना है। इसकी प्रक्रिया क्या होगी, क्या सवाल पूछे जाने हैं। और डिजिटल टूल्स कैसे उपयोग किए जाने हैं। जनगणना के लिए अधिकारियों की नियुक्ति की प्रक्रिया, प्रशिक्षण, राशि वितरण, उपयोगिता प्रमाण पत्र, अलग-अलग इकाइयों की जनगणना में उपयोगिता बताई जाएगी। मैदानी गतिविधयों के दौरान संभावित चुनौतियां और इनके बीच कैसे काम करना है। मोबाइल एप्स, सीएमएमएस, एचएलबीसी जैसे डिजिटल टूल्स की वर्किंग, निगरानी की जानकारी दी जाएगी।