मध्यप्रदेश

Image Alt Text

17 के लायसेंस निलंबित, 42 पर दर्ज हुए प्रकरण, होली मिठाई के मिलावटखोरों के खिलाफ चला अभियान

मध्यप्रदेश

भोपाल। शासन-प्रशासन की सख्ती के बावजूद खाद्या पदार्थों में मिलावटखोरी रुक नहीं पा रही है। जांच के लिए विशेष अभियान भी सिर्फ बड़े त्योहारों पर ही चलते हैं। आगामी होली के त्योहार से पहले मप्र में विगत 10 दिनों में चले खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के अभियान में कुल 901 रेग्यूलेटरी (लीगल) और 1449 सर्विलेंस नमूने मिलाकर कुल 2350 नमूने संकलित किए हैं। 1646 नमूनों की त्वरित जांच भी की गई।

 इन नमूनों के परीक्षण के बाद अमानक पाए जाने पर 42 संस्थानों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किए हैं और 17 संस्थानों के लायसेंस निलंबित किए गए है। कुल करीब 26.50 लाख रुपये कीमत के 15988 किलोग्राम खाद्य पदार्थ जब्त भी किए गए हैं। 

उल्लेखनीय है कि होली पर्व को ध्यान में रखते हुए आयुक्त खाद्य सुरक्षा की ओर से विगत दिनों प्रदेश के सभी जिलों के कलेक्टर एवं खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को मिलावटी खाद्य पदार्थों के विरुद्ध सघन अभियान चलाने के निर्देश दिए थे।इसी क्रम में प्रदेशभर से दूध एवं दूध से बने खाद्य पदार्थों, मावा, नमकीन आदि के नमूने लिए गए। खराब अथवा मिलावटी होने के संदेह में कई स्थानों से खाद्य पदार्थ जब्त भी किए गए।  

इन शहरों में हुई बड़ी कार्रवाई 

भोपाल- 21 फरवरी को 2700 किलो मावा एवं पनीर कुल कीमत 6 लाख रुपये जब्त किया। 

ग्वालियर- 27 फरवरी को 748 किलो मिलावटी मिल्क केक कुल कीमत लगभग 11.45 लाख रुपये। 

इंदौर - 20 फरवरी को 209 किलोग्राम नकली पनीर कीमत लगभग 75 हजार रुपये जब्त। 

इंदौर- 21 फरवरी को 1797 किलो मिलावटी गुलाब जामुन एवं अन्य खाद्य पदार्थ कीमत लगभग 1.71 लाख रुपये जब्त कर फैक्ट्री सील की। 

रतलाम- 26 फरवरी को 1600 लीटर मिलावटी घी कीमत लगभग 6.30 लाख रुपये जब्त। 

भिण्ड, झाबुआ, सागर एवं टीकमगढ़ जिलों में भी मिलावटी खाद्य पदार्थ जब्त किए हैं। 

इन खाद्य पदार्थों के लीगल और सर्विलांस नमूने  

दूध एवं दूध से बने मावा-मिठाई के लीगल नमूने - 440

नमकीन, तेल, बेसन श्रेणी के लीगल नमूने- 169

अन्य खाद्य पदार्थों के लीगल नमूने - 292 

दूध एवं दूध से बने मावा-मिठाई के सर्विलेंस नमूने- 588

नमकीन, तेल एवं बेसन के सर्विलेंस नमूने-283

अन्य खाद्य पदार्थों के सर्विलेंस नमूने-578

चलित खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला के माध्यम से जांचे नमूने-1646