मध्यप्रदेश

Image Alt Text

ईरान-इजराइल युद्ध के प्रभावों पर नजर रखने मंत्रि-मंडलीय समिमि गठित, गैस-पेट्रोल की आपूर्ति, नीतिगत निर्णयों पर करेगी अनुशंसा

मध्यप्रदेश

भोपाल। ईरान के साथ इजराईल और अमेरिका के युद्ध के चलते अंतर्राष्ट्रीय एवं मध्यपूर्व एशिया के वर्तमान हालातों से मप्र पर पडऩे वाले प्रभावों की निरंतर निगरानी एवं उससे उत्पन्न स्थिति की समीक्षा के लिए मंत्रि-मंडलीय समिति गठित की गई है। सामान्य प्रशासन विभाग ने मंगलवार को इस संबंध में आदेश जारी कर दिया। 

कमेटी में उप मुख्यमंत्री (वित्त, वाणिज्यिक कर, योजना आर्थिक सांख्यिकी विभाग) जगदीश देवड़ा, खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद राजपूत और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम विभाग के मंत्री चेतन कश्यप रहेंगे, जबकि अपर मुख्य सचिव खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग समिति के सदस्य सचिव होंगे। वित्त विभाग, औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन विभाग, किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग तथा संबंधित विभागों के भारसाधक सचिव समिति में स्थायी आमंत्रित सदस्य होंगे। 

इन हालातों में अनुशंसा करेगी कमेटी 

भारत सरकार से प्राप्त निर्देशों के अनुक्रम में, मध्यपूर्व एशिया में रह रहे मप्र के निवासियों की समस्याओं का संज्ञान लेकर निराकरण के उपायों की समीक्षा करेगी। इसके अलावा प्रदेश में पेट्रोलियम उत्पादों, एलपीजी गैस, उर्वरक सहित अन्य आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए समय-समय पर विचार कर अनुशंसा देगी। इसके अलावा इस विषय में राज्य शासन की ओर से की जाने वाली किसी भी पहल अथवा नीतिगत निर्णय के लिए भी भारत सरकार के निर्देशों के परिप्रेक्ष्य में राज्य शासन को अपनी अनुशंसाएं देगी।