राजधानी

Image Alt Text

राज्य सूचना आयोग में नए आयुक्तों की नियुक्ति शीघ्र

राजधानी

भोपाल। मप्र राज्य सूचना आयोग में नए सूचना आयुक्तों की नियुक्ति शीघ्र हो सकती है। सूत्रों का कहना है कि पूर्व में बुलाए गए आवेदनों में से दो या तीन नामों का चयन सरकार ने कर लिया है और राजभवन से भी इन नामों को मंजूरी मिल चुकी है। नियुक्ति के संबंध में जल्द ही सरकार की ओर से अधिसूचना भी जारी हो सकती है। 

जानकारी के अनुसार सर्वोच्च न्यायालय प्रतिवर्ष राज्य सरकारों से राज्य सूचना आयोगों में रिक्त पदों की जानकारी मांगता है। शासन की ओर से सर्वोच्च न्यायालय को भेजी गई स्टेटस रिपोर्ट में मुख्य सूचना आयुक्त सहित तीन सूचना आयुक्तों की जानकारी के साथ तीन आयुक्तों की प्रस्तावित नियुक्ति की जानकारी भी भेजी है। उल्लेखनीय है कि नवम्बर २०२५ में राज्य शासन ने सूचना आयुक्त के तीन पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किए थे। विगत १८ दिसम्बर २०२५ तक आवेदन जमा किए गए थे। उम्मीदवारों के लिए विधि, विज्ञान और प्रौद्योगिकी, समाजसेवा, प्रबंध, पत्रकारिता, जनसंपर्क माध्यम या प्रशासन और शासन में व्यापक ज्ञान और अनुभव को अनिवार्य किया गया था। सूत्र बताते हैं कि तीन में से दो नामों पर सहमति बनी है और जल्द ही अधिसूचना के माध्यम से दोनों नियुक्तियों की घोषणा की जा सकती है। 

आयुक्तों के कुल १० पद, सात खाली 

मप्र राज्य सूचना आयोग में मुख्य सूचना आयुक्त के अलावा सूचना आयुक्तों के १० स्वीकृत पद हैं। इनमें से मुख्य सूचना आयुक्त एवं तीन सूचना आयुक्तों की नियुक्ति १० सितम्बर २०२४ को एवं राजभवन में इनका शपथ ग्रहण १७ सितम्बर २०२४ को हुआ था। पिछले साल दिसम्बर में सरकार ने तीन और सूचना आयुक्तों की नियुक्ति के लिए आवेदन मांगे थे। संभावित तीन नई नियुक्तियों के बाद भी आयोग में आयुक्तों के ४ पद रिक्त रहेंगे। आयुक्तों के अलावा आयोग में अधिकारी-कर्मचारियों की भी भारी कमी है।