Breaking News:
राजधानी
तीन महीने नहीं खुलेगा एमपी नगर से चेतकब्रिज मार्ग, पुलिया निर्माण ने बढ़ाई परेशानी, एमपी नगर की गलियां बनी वैकल्पिक मार्ग
राजधानी
भोपाल। एमपी नगर से चेतकब्रिज की ओर जाने वाले रास्ते पर सडक़ के नीचे एक तरफ पुलिया निर्माण का काम जारी है। इस निर्माण कार्य के चलते पुलिस-प्रशासन ने बैरीकेटिंग कर वाहनों के साथ पैदल यात्रियों के लिए यह रास्ता पूरी तरह बंद कर दिया है। ऐसी स्थिति में प्रतिदिन एमपी नगर से चेतक ब्रिज होते हुए बीएचईएल, आईएसबीटी, गौतम नगर एवं होशंगाबाद रोड की ओर जाने वाले नागरिकों को एमपी नगर जोन-1 के रास्ते अथवा जोन-2 की गलियों को वैकल्पिक मार्ग के रूप में उपयोग कर निकलना पड़ रहा है।
मई तक एक तरफ, फिर दूसरी ओर पुलिया निर्माण
एमपी नगर से चेतक ब्रिज मार्ग पर सडक़ धसकने की घटना के बाद विगत 10 मार्च से मिलन स्वीट्स तरफ वाले एकतरफा मार्ग को पूरी तरह बंद कर यहां पुलिया निर्माण का काम शुरू किया गया है। निर्माण कार्य कर रही एस्योर इन्फ्राकॉम कंपनी अभी तक पुलिया का आधारीय तल तैयार कर चुकी है। लेकिन सीसी की दीवार एवं छत के लिए अभी सिर्फ सरिया की संरचना ही खड़ी हो सकी है। आगामी 4-5 दिन में इसकी ढलाई के बाद पुलिया तैयार होने में करीब एक महीने का समय लगेगा। इसके बाद सडक़ संधारण होकर ही इस ओर का यातायात शुरू हो सकेगा। एक तरफ पुलिया निर्माण के बाद दूसरी ओर की सडक़ के यातायात को भी बंद कर पुलिया निर्माण किया जाएगा। इस तरह दोनों मार्ग पर पुलिया निर्माण सहित इस सडक़ पर यातायात के सुचारू आवागमन में अभी तीन महीने का समय लग सकता है।
बस नो इंट्री, ऑटो-ई-रिक्शा उठा रहे सवारियां
पुलिया निर्माण के चलते एमपी नगर चौराहा से बीएचईएल, मिनाल, अयोध्या वायपास, आईएसबीटी, आनंद नगर, पटेल नगर आदि स्थानों के लिए संचालित स्मार्ट सिटी की सीएनजी (लाल) बसें इस स्टेण्ड संचालित नहीं हो पा रही हैं। ऐसी स्थिति में वैकल्पिक रास्तों से बैरीकेट्स के अंदर पहुंचकर ऑटो, ई-रिक्शा और मैजिक जैसे वाहन सवारियां ढो रहे हैं। चूंकि मार्ग पर सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध नहीं हैं। इसलिए यह छोटे वाहन क्षमता से तीन गुना तक अधिक सवारियां और अधिक किराया लेकर सवारियां बैठा रहे हैं।
विद्यार्थियों को हो रही परेशानी
राजधानी भोपाल का एमपी नगर विभिन्न प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए कोचिंग हब है। इनमें कई विद्यार्थी गौतम नगर, रचना नगर, बीएचईएल सहित आसपास की कॉलोनियों में किराए के कमरे लेकर रह रहे हैं। ऑटो, ई-रिक्शा अथवा निजी वाहन से यह छात्र कोचिंग पहुंचते हैं। लेकिन एक तरफ का रास्ता बंद होने से कई बार जाम की स्थिति बनती है। उन्हें कोचिंग पहुंचने या वापस लौटने में भी देरी हो रही है।
रास्ता बंद लेकिन यातायात सिग्नल चालू
एमपी नगर से चेतक ब्रिज की ओर जाने वाला रास्ता बंद होने यहां वाहन नहीं गुजर रहे हैं, लेकिन ज्योति टॉकीज चौराहा पर चारों ओर के सिग्नल चालू हैं। वाहन नहीं, लेकिन सिग्नल चालू होने से तीन तरफ के वाहनों को अकारण ही अधिक समय सिग्नल पर खड़ा होना पड़ रहा है।
ट्रेंडिंग खबरें
राजनीति
मोदी की झोली में बंगाल की ममता, भगवा हो गया ‘झालमुई’ का रंग, प्रधानमंत्री बोले...
04-05-26
राजधानी
कौशल शर्मा ने ग्रहण किया महर्षि पतंजलि संस्कृत संस्थान के अध्यक्ष का पदभार
04-05-26
राजनीति
पश्चिम बंगाल विजय पर भाजपा कार्यालय में मना उत्सव, ढोल-नगाड़ों के बीच झूमे कार्यकर्ता, प्रदेश...
04-05-26
राजधानी
‘एक्टिव मोड’ में कार्य करें अधिकारी, लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई, समय सीमा बैठक में...
04-05-26
राजधानी
रेखा यादव ने संभाला महिला आयोग अध्यक्ष का कार्यभार
04-05-26