राजनीति

Image Alt Text

आतिशबाजी और ढोल की थाप के बीच झूमे कार्यकर्ता, भाजपा कार्यालय में धूमधाम से मना पार्टी का स्थापना दिवस

राजनीति

भोपाल। भारतीय जनता पार्टी का 47वां स्थापना दिवस सोमवार को पार्टी के प्रदेश कार्यालय में धूमधाम से मनाया गया। सजे-धंजे प्रदेश कार्यालय में उत्साहित कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए मठाई बांटी, जोरदार आतिशबाजी की और ढोल की थापों पर जमकर झूमे।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल की उपस्थिति में आयोजित स्थापना दिवस समारोह में  भोपाल जिला एवं प्रदेशभर से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और पदाधिकारी शामिल हुए।


ऑनलाइन जुड़े सभी 62 जिलों के कार्यकर्ता 

पार्टी के स्थापना दिवस समारोह के मुख्य कार्यक्रम से प्रदेशभर के सभी 62 संगठनात्मक जिलों को ऑनलाइन जोड़ा गया।सभी जिलों में आयोजित कार्यक्रमों और 17 जिला कार्यालयों के भूमिपूजन व कार्य आरंभ समारोह को भी ऑनालाइन सभी जिलों को दिखाया गया। सभी जिलों में आयोजित कार्यक्रम मंच के पीछे और सामने लगी स्क्रीन पर प्रदर्शित किया गया। इस तरह प्रदेशभर के कार्यकर्ता एवं जिलों के पदाधिकारी भी ऑनलाइन कार्यक्रम से जुड़े।  

इन पार्टी कार्यालयों का हुआ कार्य आरंभ-भूमिपूजन

भूमिपूजन: आगर, सीहोर, सीधी, अशोक नगर, अनूपपुर, ग्वालियर, निवाड़ी, छिंदवाड़ा, पांढ़र्णा, मऊगंज, नीमच, मैहर, भिण्ड, धार ग्रामीण शामिल हैं। 

कार्य आरंभ: बुरहानपुर, मंदसौर और रतलाम

छह दिन गांव-बस्ती में पहुंचेंगे नेता-जनप्रतिनिधि

पार्टी के स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में पार्टी का ‘गांव चलो-बस्ती चलो’ अभियान 7 अप्रैल से शुरू होकर 12 अप्रैल तक चलेगा। अभियान के लिए पार्टी ने प्रत्येक विधानसभा में 50 बड़े गांवों का चयन किया है। अभियान के दौरान पार्टी के सांसद, विधायक, वरिष्ठ नेता, महापौर, जिला पंचायत अध्यक्ष, पार्षद सहित अन्य जनप्रतिनिधि, नेता एवं पदाधिकारी हर गांव और बस्तियों में पहुंचेंगे। ये नेता और कार्यकर्ता लोगों को केन्द्र व राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी देंगे। उन्हें लाभ दिलाएंगे और पार्टी की रीति-नीतियों से भी अवगत कराएंगे।  

मीडिया और युवा पदाधिकारियों ने दिया परिचय

स्थापना दिवस समारोह के बाद मुख्यमंत्री और भाजपा पदाधिकारियों ने पार्टी के पत्रकारवार्ता कक्ष में मीडिया विभाग के नव-नियुक्त प्रदेश एवं कई जिला पदाधिकारियों के साथ परिचय बैठक की। पदाधिकारियों ने बारी-बारी से स्वयं का परिचय दिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने भी उन्हें संबोधित किया। बैठक में प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल, सभी प्रदेश सह मीडिया प्रभारी, प्रदेश प्रवक्ता, प्रदेश मीडिया पैनलिस्ट एवं मीडिया विभाग के सदस्य उपस्थित रहे। इसके बाद मुख्यमंत्री और पदाधिकारियों ने युवा मोर्चा के प्रदेश पदाधिकारियों की परिचयात्मक बैठक भी ली। 

जामवाल और खंडेलवाल ने निवास पर फहराए ध्वज

भाजपा के 47वें स्थापना दिवस के अवसर पर पार्टी के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल और प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने अपने भोपाल स्थित निवासों पर पार्टी का ध्वज फहराया। प्रदेशभर के सभी कार्यकर्ताओं ने अपने घरों पर पार्टी ध्वज फहराया।