मध्यप्रदेश

Image Alt Text

अम्बेडकर जयंती पर मप्र की जेलों से छूटेंगे 87 बंदी, समय पूर्व मुक्त हो रहे सभी बंदी आजीवन कारावास से दंडित

मध्यप्रदेश

भोपाल। अम्बेडकर जयंती पर आगामी 14 अप्रैल को मध्यप्रदेश की जेलों से 87 ऐसे बंदियों की सजा पूरी होने से पहले रिहाई होगी, जिन्हें न्यायालय ने आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। इनमें 7बंदी ऐसे भी हैं, जिन्हें सजा में छूट दी गई है। 

उल्लेखनीय है कि मप्र शासन, जेल विभाग के 27 मई 2025 के आदेश से प्रदेश की जेलों में निरुद्ध अच्छे आचरण वाले बंदियों को वर्ष में पांच अवसरों,  26 जनवरी (गणतंत्र दिवस), 14 अप्रैल (डॉ. भीमराव अम्बेडकर जयंती), 15 अगस्त (स्वतंत्रता दिवस), 2 अक्टूबर (महात्मा गांधी जयंती) एवं 15 नवम्बर (राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस) पर आजीवन कारावास के दण्डित बंदियों को उनकी सजा में छूट प्रदान कर समयपूर्व रिहाई एवं सजा में छूट/विशेष परिहार संबंधी दिशा-निर्देश जारी किये गये हैं। इस बार अम्बेडकर जयंती, 14 अप्रैल को प्रदेश की जेलों में निरुद्ध अच्छे आचरण वाले आजीवन कारावास की सजा से दंडित 87 बंदियों की समय-पूर्व रिहाई एवं गैर-आजीवन कारावास की सजा से दंडित 7 बंदियों को सजा में छूट/विशेष परिहार की सुविधा दी जा रही है। विगत 26 जनवरी को भी 94 दंडित बंदियों को समय-पूर्व रिहाई/सजा में छूट दी गई थी।