मध्यप्रदेश

Image Alt Text

पहले दिन समर्थन मूल्य पर खरीदी 1616 क्विंटल गेहूं, मध्यप्रदेश में गेहूं की सरकारी खरीद शुरू, उत्साहित दिखे किसान

मध्यप्रदेश

भोपाल। मध्यप्रदेश में समर्थन मूल्य पर गेहूं की सरकारी खरीद 9 अप्रैल, गुरूवार से शुरू हो गई। पहले दिन चार संभागों के 45 उपार्जन केन्द्रों पर कुल 1616 क्विंटल गेहूं की खरीदी हुई। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर 9 अप्रैल से प्रदेश के चार संभागों के जिलों में गेहूं उपार्जन की प्रक्रिया शुरू हुई है। शेष संभागों के जिलों में उपार्जन 15 अप्रैल से शुरू होगा। खाद्य मंत्री श्री राजपूत ने बताया है कि प्रदेश में गेहूँ उपार्जन के लिये इस वर्ष रिकार्ड 19 लाख 4 हजार किसानों ने पंजीयन कराया है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 3 लाख 60 हजार अधिक है। विगत वर्ष समर्थन मूल्य पर लगभग 77 लाख मीट्रिक टन गेहूँ का उपार्जन किया गया था। इस वर्ष विपरीत परिस्थितियों के बावजूद किसानों के हित में सरकार द्वारा 78 लाख मीट्रिक टन गेहूँ के उपार्जन का लक्ष्य रखा गया है, जो कि पिछले वर्ष से एक लाख मीट्रिक टन अधिक है। 

अब तक 97474 किसानों ने कराया पंजीयन 

रबी विपणन वर्ष 2026-27 में समर्थन मूल्य पर गेहूँ उपार्जन के लिए अभी तक कुल 97 हजार 474 किसानों ने 4 लाख 46 हजार 582 मीट्रिक टन गेहूँ बेचने के लिए स्लॉट बुक कराए हैं। सरकार किसानों से 2585 रुपये प्रति क्विंटल के समर्थन मूल्य एवं राज्य सरकार द्वारा घोषित 40 रुपये प्रति क्विंटल बोनस राशि सहित कुल 2625 रुपये प्रति क्विंटल की दर से गेहूँ खरीद रही है। 

जूट बारदानों के अलावा पीपी/एचटीपी बैग का उपयोग

खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने बताया है कि गेहूँ के उपार्जन के लिए आवश्यक बारदानों की व्यवस्था की जा चुकी है। उपार्जित गेहूँ को रखने के लिए जूट बारदानों के साथ ही पीपी/एचडीपी बैग एवं जूट के भर्ती बारदाने का उपयोग किया जा रहा है। समर्थन मूल्य पर उपार्जित गेहूँ के सुरक्षित भंडारण की पर्याप्त व्यवस्था की गई है। मंत्री राजपूत ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मार्गदर्शन में समर्थन मूल्य पर गेहूँ उपार्जन की सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। 

भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया किसानों का अभिनंदन 

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के निर्देश पर और भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष जयपाल चावड़ा के अनुरोध पर चारों संभागों में भाजपा कार्यकर्ताओं ने खरीदी केन्द्रों पर पहुंचकर उपार्जन के लिए पहुंचे किसानों का तिलक लगाकर एवं पुष्पवर्षा कर अभिनंदन किया। साथ ही किसानों की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं कर उपार्जन प्रक्रिया में भी किसानों का सहयोग किया।