राजनीति

Image Alt Text

महिला सशक्तिकरण सम्मेलन में नजर आएगा ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का पराक्रम

राजनीति

प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में महिलाओं की भीड़ पर भाजपा का फोकस 

भोपाल। देवी अहिल्याबाई होलकर की 300वीं जयंती के उपलक्ष्य में 31 मई को भोपाल के जम्बूरी मैदान पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की उपस्थिति में आयोजित ‘महिला सशक्तिकरण सम्मेलन’ पूरी तरह ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर केन्द्रित रहेगा। महिला सशक्तिकरण और समाज उत्थान के लिए देवी अहिल्याबाई होल्कर द्वारा किए गए प्रयासों के उल्लेख के साथ-साथ बहिनों का सिंदूर उजाडऩे वाले आतंकवादियों के सफाए के लिए भारतीय सेना के पराक्रम का परिदृष्य इस कार्यक्रम में स्पष्ट नजर आएगा। 

प्रधानमंत्री की उपस्थिति में जम्बूरी मैदान में आयोजित होने वाले ‘महिला सशक्तिकरण सम्मेलन’ की तैयारियों में भाजपा संगठन जुट गया है। बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को संदेश दिया गया है कि वे हर बूथ से ज्यादा से ज्यादा संख्या में महिलाओं को कार्यक्रम में शामिल कराएं। भाजपा कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और स्थानीय जनप्रतिनिधिों ने घर-घर पहुंचकर कार्यक्रम की सूचना देकर महिलाओं को कार्यक्रम में शामिल कराने के प्रयास शुरू कर दिए हैं। वहीं स्वयंसेवी संगठनों, संस्थाओं के माध्यम से भी ज्यादा से ज्यादा महिलाओं को कार्यक्रम में पहुंचाने की तैयारी है। 

कार्यक्रम स्थल पर दिखेगी ऑपरेशन सिंदूर की झलक

‘महिला सशक्तिकरण सम्मेलन’ के माध्यम से महिलाओं को देवी अहिल्याबाई होल्कर की तरह स्वयं सशक्त, स्वाबलंबी और आत्मनिर्भर बनने की सीख दी जाएगी। वहीं यह भी बताया जाएगा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केन्द्र सरकार और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व वाली राज्य सरकार महिला सशक्तिकरण के लिए किस तरह के प्रयास कर रही है। महिलाओं के सशक्तिकरण और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए चल रहीं शासन की योजनाओं का उल्लेख होगा। वहीं कार्यक्रम स्थल के आसपास होर्डिंग-बैनर पर ऑपरेशन सिंदूर की तस्वीरें लगाई जाएंगी। 

2 हजार महिलाएं संभालेंगी आयोजन की जिम्मेदारी 

‘महिला सशक्तिकरण सम्मेलन’ कार्यक्रम पूरी तरह महिलाओं के माध्यम से संचालित कराए जाने की योजना है। इसके लिए 2 हजार महिलाओं का चुनाव कर, उन्हें प्रशिक्षण देकर अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी। कार्यक्रम के प्रचार से लेकर सुरक्षा व्यवस्था तक की कमान महिलाएं संभालेंगी। व्यवस्थाओं में जुड़ी महिलाओं की गणवेश भी समान और संभवत: केसरिया और ऑपरेशन सिंदूर की थीम पर हो सकती है। 

प्रधानमंत्री का होगा अभिनंदन 

ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की यह पहली मप्र यात्रा है। इसलिए पार्टी ने राजधानी में उनके अभिनंदन की तैयारी में है। कार्यकर्ताओं को भी संदेश दिया गया है कि उत्साह के साथ प्रधानमंत्री के अभिनंदन और स्वागत की तैयारी करें। 

मंच पर नजर आएगी महिला शक्ति 

भोपाल में आयोजित ‘महिला सशक्तिकरण सम्मेलन’ में मंच पर प्रधानमंत्री के साथ ज्यादातर महिलाशक्ति ही नजर आएगी। मंच पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा के अलावा ज्यादातर महिला जनप्रतिनिधि ही नजर आएंगी। इनमें स्थानीय सांसद, विधायक, महापौर सहित अन्य पदाधिकारी शामिल हो सकती हैं।