राजधानी

Image Alt Text

भोपाल-चंदेरी-ओरछा के लिए शुरू हुई ‘पीएमश्री हेली पर्यटन सेवा’,शुभारंभ अवसर पर बोले मुख्यमंत्री कई राज्यों को भा रही मप्र की विमनन नीति

राजधानी

भोपाल।  मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को राजधानी के स्टेट हैंगर से ‘पीएमश्री हेली पर्यटन सेवा’ के अंतर्गत नए सेक्टर ‘भोपाल-चंदेरी-ओरछा’ का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि आज जिन दो शहरों के लिए हेली सेवा की शुरुआत की गई है, दोनों ही प्रदेश के विरासत स्थल हैं। ओरछा में राजा के रूप में विराजमान हैं । चंदेरी का संबंध भी श्रीराम और श्रीकृष्ण से ही है। चंदेरी, पौराणिक, आध्यात्मिक, ऐतिहासिक और पर्यटन नगरी के रूप में विख्यात है।उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में तेजी से बढ़ रहे विमानन सेक्टर से महाराष्ट्र सहित कई राज्य प्रेरणा ले रहे हैं।

हेलीकॉप्टर को दिखाई हरी झंडी 

मुख्यमंत्री डॉ. यादव इस अवसर पर यात्रियों को यात्रा (बोर्डिंग) पास प्रदान किए तथा हेलीकॉप्टर को झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री तथा अशोकनगर के प्रभारी राकेश शुक्ला, भोपाल महापौर श्रीमती मालती राय तथा फ्लाई ओला के एस.राम ओला उपस्थित रहे। 

जयंती पर भगवान परशुराम को किया याद 

भगवान परशुराम की जयंती के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि श्रद्धा, साहस, पुरुषार्थ, पराक्रम, ज्ञानशीलता, दानशीलता और उद्दात चरित्र के धनी भगवान परशुराम ने सदैव अन्याय के विरुद्ध संघर्ष किया। अपने साहस-पराक्रम और पुरुषार्थ के नए-नए कीर्तिमान स्थापित करने वाले भगवान परशुराम हर युग में हम सबको प्रेरणा देते रहेंगे। ऐसे दिव्य व्यक्तित्व की जयंती पर प्रदेश को पीएम श्री हेली पर्यटन सेवा समर्पित की जा रही है। 

सरकार समान रूप से कर रही सभी वर्गों की सेवा

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार सभी वर्गों की सेवा के लिए समान रूप से कार्य कर रही है। इलाज के लिए जरूरतमंद लोगों को पीएमश्री एयर एंबुलेंस की सुविधा उपलब्ध कराने की पहल देश में सबसे पहले मध्यप्रदेश द्वारा ही आरंभ की गई है। मध्यप्रदेश का भौगोलिक क्षेत्र बहुत विस्तृत है, प्रदेश में धार्मिक, सांस्कृतिक, वन्य जीवन, पर्यटन की पर्याप्त संभावनाएं विद्यमान हैं। प्रदेश में आवागमन की दृष्टि से हेली पर्यटन सेवा, पर्यटकों का समय बचाने और यात्रा की रोचकता को बढ़ाने में सहायक होगी। 

मुख्यमंत्री ने बताया तीनों सेक्टर का किराया

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि पीएमश्री हेली पर्यटन सेवा के अंतर्गत चंदेरी से ओरछा का किराया 2,750 रुपए ,भोपाल से चंदेरी का 5,500 रुपये और भोपाल से ओरछा का किराया 6,500 रुपये रखा गया है। भोपाल से ओरछा का पैकेज 14 हजार 500 का है, जिसमें 13 हजार रुपये हेलीकॉप्टर का किराया, टैक्सी का शुल्क 1150 रुपए और दर्शन एवं प्रसाद के लिए 350 रुपए का भुगतान करना होगा। इस यात्रा के संचालन में मैचिंग ग्रांट के अंतर्गत बड़ी राशि राज्य सरकार द्वारा दी जा रही है।