मध्यप्रदेश

Image Alt Text

आज से 10 मई तक सडक़ सुरक्षा अभियान: बिना हेलमेट बाइक चलाई तो लायसेंस होगा निलंबित

मध्यप्रदेश

भोपाल। मध्यप्रदेश के सभी जिलों में रविवार से वाहन चेकिंग का विशेष अभियान चलाया जाएगा। जिलों में पुलिस अधीक्षक और भोपाल एवं इंदौर में पुलिस आयुक्त स्वयं ही अभियान की निगरानी करेंगे। 

26 अप्रैल से 10 मई तक चलने वाले विशेष अभियान में बिना हेलमेट चलाने वालों पर सख्ती से कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इस दौरान बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाते पाए जाने पर चालानी कार्रवाई की जाएगी। 

एडीजी पीटीआरआई पुलिस मुख्यालय विवेक शर्मा ने इस संबंध में निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश में बढ़ती सडक़ दुर्घटनाओं का एक बड़ा कारण यातायात नियमों की अनदेखी और हेलमेट का उपयोग न करना है। आंकड़ों के अनुसार, लगभग 50 प्रतिशत मृतकों में दोपहिया चालक शामिल होते हैं, जो हेलमेट नहीं पहनते। इसे गंभीरता से लेते हुए पुलिस विभाग ने सख्ती बरतने का निर्णय लिया है। पुलिस मुख्यालय ने प्रदेशभर में सडक़ सुरक्षा को लेकर विशेष अभियान 26 अप्रैल 2026 से 10 मई 2026 तक संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं, जिसमें दोपहिया वाहन चालकों के लिए हेलमेट पहनना अनिवार्य रूप से लागू कराया जाएगा। अभियान के दौरान पुलिस द्वारा व्यापक स्तर पर कार्रवाई की जाएगी। हेलमेट नहीं पहनने वाले चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई के साथ-साथ पीओएस मशीन के माध्यम से अधिक से अधिक ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई भी की जाएगी। अभियान के दौरान शैक्षणिक संस्थानों एवं सार्वजनिक स्थानों पर जनजागरूकता अभियान भी चलाए जाएंगे। 

पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों के पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे इस अभियान को गंभीरता से लें और स्थानीय प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों के सहयोग से इसे प्रभावी बनाएं। अभियान के दौरान की गई कार्रवाई और गतिविधियों की जानकारी नियमित रूप से मुख्यालय को भेजने के निर्देश भी दिए गए हैं।