मध्यप्रदेश

Image Alt Text

मुख्यमंत्री ने किया गेहूँ उपार्जन केन्द्रों का औचक निरीक्षण, ट्रैक्टर-ट्रॉली पर चढक़र किसानों से पूरी परेशानी, तराजू पर सामने तुलवाया गेहूँ

मध्यप्रदेश

- खरगोन के कतरगांव और शाजापुर के ग्राम मकोड़ी उपार्जन केन्द्रों पर पहुंचे मुख्यमंत्री 

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरूवार को खरगोन जिले में मंडलेश्वर तहसील के कतरगांव और शाजापुर जिले के ग्राम मकोड़ी में गेहूँ उपार्जन केंद्रों  का औचक निरीक्षण किया। उपार्जन की व्यवस्थाओं का अवलोकन करने के बाद उन्होंने कलेक्टर और मंडी सचिव को गेहूँ उपार्जन से संबधित सभी निर्देशों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि वे निरंतर उपार्जन केन्द्रों का आकस्मिक दौरा कर व्यवस्थाओं को देखेंगे। 

किसान को सौंपा भुगतान राशि का प्राप्ति पत्र 

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कतरगांव में किसान सुरेश पाटीदार की 55 क्विंटल गेहूँ की खरीदी के बाद ई-उपार्जन पोर्टल पर उसकी प्राप्ति ऑनलाइन जनरेट करवाई और किसान को भुगतान राशि 1 लाख 44 हजार 374 रूपये का प्राप्ति पत्र सौंपा। 

किसानों की सुविधा बढ़ाने अधिकारियों को दिए निर्देश 

बुधवार को महेश्वर में रात्रि विश्राम के बाद मुख्यमंत्री गुरूवार को खरगोन जिले में कतरगांव गेंहूँ उपार्जन केंद्र पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कलेक्टर और मंडी सचिव को निर्देशित किया कि उपार्जन केंद्रों पर पूरे 6 तौल कांटे लगाए जाएं। सभी 6 तौल कांटों पर निरंतर तुलाई कार्य चलता रहे। उन्होंने कहा कि गेहूं खरीदी के आज से नए मापदंड जारी हुए है वह लागू हो जाएं। उपार्जन/खरीदी केंद्रों पर किसानों के लिए पर्याप्त छाया और शीतल पेयजल की व्यवस्था की जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि किसानों की उपज की तुलाई समय पर हो सके इसके लिए पर्याप्त संख्या में बारदाने, तौल कांटे, सिलाई मशीन, स्लॉट बुकिंग हेतु कंप्यूटर, नेट कनेक्शन, कंप्यूटर ऑपरेटर, आदि व्यवस्थाएं उपार्जन केन्द्र पर हमेशा उपलब्ध रहें। 

किसानों ली स्लॉट बुकिंग की जानकारी 

 मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने उपार्जन केन्द्र कतरगांव में किसान व पशुपालक भागीरथ मालवीय तथा अन्य किसानों के साथ बैठकर चाय पी ओर उनसे संवाद भी किया। मुख्यमंत्री ने स्लॉट बुकिंग, उपार्जन, ओटीपी के माध्यम से भुगतान सहित व्यवस्थाओं के संबंध में किसानों से जानकारी ली। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने किसानों से खेती-किसानी सम्बंधी चर्चा कर पशुपालन व डेयरी विकास के साथ ही परिवार के बारे में भी चर्चा की। इस दौरान महेश्वर विधायक राजकुमार मेव सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। 

मुख्यमंत्री ने ट्रॉली पर चढक़र किया संवाद 

मुख्यमंत्री ने शाजापुर जिले के ग्राम मकोड़ी में श्यामा गेहूं उपार्जन केंद्र के औचक निरीक्षण के दौरान स्लॉट बुकिंग और उपार्जन सहित अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने ट्रैक्टर-ट्राली पर चढक़र किसानों से संवाद किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने किसान दीपक, राहुल से उनकी गेहूं की उपज की जानकारी साथ ही अन्य किसानों से भी संवाद किया। मुख्यमंत्री ने किसानों से कहा कि उपार्जन अवधि 9 मई से बढ़ाकर 23 मई कर दी गई है। जरूरत पडऩे पर उपार्जन अवधि को आगे भी बढ़ाया जाएगा। चिंता न करें उनकी उपज का एक-एक दाना खरीदा जाएगा। हमारी सरकार सभी किसानों के साथ खड़ी हैं।

उपार्जन केन्द्र पर सामने तुलवाया गेहूं

उपार्जन स्थल पर मुख्यमंत्री ने गेहूं के वजन की मात्रा को अपने सामने तुलवाकर भी देखा। प्राथमिक कृृषि साख सहकारी संस्था मकोड़ी किसानों की संख्या, खरीदी एवं परिवहन की मात्रा तथा भुगतान की राशि आदि के बारे में जानकारी ली। उन्होंने बारदानों पर छपाई कर रही स्व-सहायता समूह की महिला श्रीमती संगीता बाई से छपाई के बारे में पूछा। साथ ही लाडली बहना और शासन की अन्य योजनाओं से मिलने वाली राशि के बारे में जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान मंत्री इंदर सिंह परमार, जिला पंचायत अध्यक्ष हेमराज सिंह सिसोदिया, विधायक अरुण भीमावद, डॉ. रवि पांडे, सहित पुलिस और प्रशासन के अधिकारी उपस्थित रहे।