राजधानी

Image Alt Text

ऑनलाइन होंगी मंडी बोर्ड की बैठकें ताकि पेट्रॉल-डीजल की हो सके बचत, प्रधानमंत्री और मुख्यमंहंत्री के आह्वान पर विभागों में शुरू हुआ अमल

राजधानी

भोपाल। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के आहवान पर मध्यप्रदेश राज्य कृषि विपणन बोर्ड (मंडी बोर्ड) भोपाल में आयोजित होने वाली सभी बैठकें अब ऑनलाइन मोड में होंगी।

मंडी बोर्ड के प्रबंध संचालक कुमार पुरुषोत्तम ने निर्देश जारी किए हैं कि भौतिक रूप से होने वाली सभी बैठकों को स्थगित कर दिया जाए। दूरस्थ अंचलों से भोपाल आने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जोड़ा जाएगा। इससे समय और संसाधनों की बचत सुनिश्चित होगी।

विभागीय जांच और पेशियां भी ऑनलाइन

मंडी बोर्ड में विभागीय जांच, शिकायत प्रकरण और अन्य मामलों में होने वाली पेशियों के लिए भी अधिकारियों-कर्मचारियों को भोपाल बुलाना बंद कर दिया गया है। अब ये कार्रवाई वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ऑनलाइन संपादित की जाएगी। प्रबंध संचालक ने सभी आंचलिक अधिकारियों से अपील की है कि वे अपने अंचल में होने वाली सचिव मासिक बैठक और अन्य बैठकों को भी ऑनलाइन मोड में आयोजित करें।

प्रवास पर रोक, अति आवश्यक में स्वीकृति

अधिकारियों के प्रवासों के संबंध में निर्देश दिए गए हैं कि केवल अति आवश्यक परिस्थितियों में ही प्रवास किए जाएं। इसके लिए प्रबंध संचालक से सक्षम स्वीकृति लेना अनिवार्य होगा। अधिकारियों से अपेक्षा की गई है कि वे अधिकतम कार्यों का निष्पादन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ही करें।