राजधानी

Image Alt Text

सभी शासकीय कार्यालयों में बॉयोमैट्रिक हाजिरी, मुख्यमंत्री स्वयं करेंगे उपस्थिति का निरीक्षण, विभागों की समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने दिए आवश्यक निर्देश

राजधानी

भोपाल। बॉयोमैट्रिक अडेंटेंस एक नवाचारी पहल है। इसे प्रदेश के सभी शासकीय कार्यालयों में लागू किया जाए। सभी कार्यालयों में बॉयोमैट्रिक उपस्थित लागू होने से शासकीय कार्य कुशलता और समय बद्धता में वृद्धि होगी। मैं स्वयं भी कार्यालयों में अधिकारियों, कर्मचारियों के समय के पालन का निरीक्षण करूंगा। इस तरह के निर्देश मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को मंत्रालय में विभिन्न शासकीय कार्यक्रमों और योजनाओं के क्रियावयन के संबंध में नोडल विभागों की समीक्षा बैठक के दौरान राजधानी भोपाल में मंत्रालय, विंध्याचल और सतपुड़ा भवन में तैनात कर्मचारियों की बॉयोमैट्रिक उपस्थिति की व्यवस्था की समीक्षा बैठक में दिए।  बैठक में मुख्य सचिव अनुराग जैन सहित अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव और सचिव स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।  

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेशवासियों के विकास, उनके जीवन स्तर में सुधार करना और जन-जन के कल्याण के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है। इसी उद्देश्य से योजनाओं और कार्यक्रमों का क्रियावयन सुनिश्चित करते हुए सभी विभाग अपनी सार्थकता को स्थापित करें। 

महिलाओं के नाम कराएं रजिस्ट्री

मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आबादी की नि:शुल्क रजिस्ट्री का लाभ सभी ग्रामवासियों को दिलाने के लिए अभियान चलाए। स्वामित्व योजना में महिलाओं के नाम रजिस्ट्री कराई जाए। ग्रामीण क्षेत्रों में पात्र हितग्राहियों को जमीन के नि:शुल्क पट्टे वितरित किए जाने पर विशेष ध्यान दें। उन्होंने कहा कि नर्मदा समग्र मिशन से जुड़े सभी कार्यों की समीक्षा के लिए माह के पहले सोमवार को बैठक होगी। नर्मदा परिक्रमा यात्रियों की सुविधा के लिए पर्याप्त व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए।उन्होंने पेयजल आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा पंचायत और वार्ड स्तर पर किए जाने के निर्देश दिए। बैठक में पीएचई, नगरीय विकास और ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारियों ने ग्रीष्मकाल में विभाग की तैयारियां वॉटरशेड मिशन की जानकारी दी। 

चित्रकूट धाम विकास के लिए उप्र सरकार के साथ होगी बैठक 

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि चित्रकूट धाम के समग्र विकास के लिए उत्तर प्रदेश सरकार के साथ संयुक्त बैठक आयोजित की जाएगी। चित्रकूट धाम की मंदाकिनी नदी में पानी की धारा को अविरल रखने की योजना पर कार्य किया जाएगा। उन्होंने श्रीराम वन गमन पथ, श्री कृष्ण पाथेय और चित्रकूट धाम में जारी विकास कार्यों को समय सीमा में पूरा करने के दिशा निर्देश दिए।

होमगार्ड बल का होगा क्षमता संवर्धन

महाकाल महालोक के प्रबंधन के लिए मंदिर समिति द्वारा होमगार्ड की व्यवस्था की प्रगति की भी समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने प्रदेश के अन्य प्रमुख धार्मिक स्थानों पर भी होमगार्ड के माध्यम से व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इससे होमगार्ड बल का क्षमता संबर्धन भी होगा, जिसका उपयोग प्रदेश में अन्य स्थानों पर भी किया जा सकेगा। उन्होंने जिला पर्यटन परिषदों को भी जिला स्तर पर पर्यटन गतिविधियों को प्रोत्साहित करने में सहभागी बनाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने सिंहस्थ:2028 के दृष्टिगत उज्जैन के दताना मताना हवाई पट्टी के स्थान पर 2700 मीटर लंबी नवीन हवाई एवं एयरपोर्ट निर्माण की तैयारियों की समीक्षा की। 

कपास उत्पादक किसानों के लिए घटाया मंडी शुक्ल

कृषक कल्याण वर्ष 2026 में नवाचार और नई योजनाओं की समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने बताया कि खंडवा और बुरहानपुर की मंडियों में कपास उत्पादक किसानों से लिया जा रहा मंडी शुल्क एक रुपए से घटाकर 55 पैसे करने के निर्देश दिए हैं। सामान्य प्रशासन विभाग के अधिकारियों को अग्निवीरों की भर्ती प्रक्रिया में केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से मिले निर्देशों को लागू करने के निर्देश दिए।बैठक में इंजीनियरिंग और मेडिकल विश्वविद्यालयों में विघटित करने पर भी चर्चा हुई। 

सभी समाजों के बच्चों के लिए संचालित हो संयुक्त छात्रावास 

मुख्यमंत्री ने सांदीपनी विद्यालय परिसरों में अकादमी समय के बाद क्षमता संवर्धन गतिवधियां संचालित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि शालेय स्तर पर अलग-अलग वर्गों के लिए स्थापित छात्रावासों के स्थान पर सभी समाजों के बच्चों के लिए संयुक्त छात्रावास संचालित किया जाए। हमारे छात्रावास सामाजिक समरस्ता के केन्द्र बने। उद्यानिकी विभाग की समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि उद्यानिकी का विस्तार कृषि वर्ष में किसानों की समृद्धि का आधार बनेगा। इस दौरान बताया गया कि इस वर्ष राज्य में उद्यानिकी फसलों के रकबे में 1.32 लाख हेक्टेयर वृद्धि का लक्ष्य है। कुटीर और ग्रामोद्योग की बैठक में उन्होंने हथकरघा, खादी, रेशम और महिला रोजगार पर जोर दिया।