राजधानी

Image Alt Text

डेढ़ महीने में 46 हेक्टेयर शासकीय भूमि कराई मुक्त, अतिक्रमण के खिलाफ भोपाल जिला प्रशासन की कार्रवाई जारी

राजधानी

भोपाल। राजस्व विभाग के निर्देश पर भोपाल जिला प्रशासन द्वारा शासकीय भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने की कार्रवाई की जा रही है । कलेक्टर के निर्देशन में जिले के विभिन्न अनुविभागों में विशेष अभियान चलाकर शासकीय भूमि से अवैध कब्जे हटाए जा रहे हैं।

जिला प्रशासन एक अप्रैल से 15 मई तक जिले में कुल 46 हेक्टेयर शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया है। कलेक्टर गाइडलाइन वर्ष 2026-27 के अनुसार मुक्त कराई गई भूमि का अनुमानित मूल्य 70 करोड़ 50 लाख 17 हजार 720 रुपये है। जिला प्रशासन से प्राप्त जानकारी अनुसार विभिन्न अनुविभागों में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई हुई है। इसी क्रम में हुजूर अनुविभाग में 22.078 हेक्टेयर, बैरसिया में 21.09 हेक्टेयर, कोलार में 1.0001 हेक्टेयर, एम.पी. नगर में 0.500 हेक्टेयर, टी.टी. नगर में 0.478177 हेक्टेयर, संत हिरदाराम नगर में 0.415 हेक्टेयर, गोविंदपुरा में 0.330 हेक्टेयर तथा शहर वृत्त में 0.111 हेक्टेयर भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया। कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने कहा कि शासकीय भूमि पर अवैध कब्जों के विरुद्ध कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि शासकीय भूमि की नियमित निगरानी सुनिश्चित करते हुए अतिक्रमण के मामलों में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई की जाए, ताकि शासकीय संपत्तियों का संरक्षण सुनिश्चित हो सके।