राजधानी

Image Alt Text

वाहन रैली निकालने वाले नव-नियुक्त पदाधिकारी सीएम हाउस तलब, रेखा और वीरेन्द्र ने दी सफाई, वाहन रैली के फोटो-वीडियो फर्जी

राजधानी

भोपाल।प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ईंधन बचाने के आह्वान के बाद भी नियुक्ति के बाद बड़ी वाहन रैली निकालने के मामले में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने सोमवार को मप्र राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष श्रीमती रेखा यादव और सिंगरौली विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष वीरेन्द्र गोयल को सीएम हाउस तलब कर सवाल-जवाब किए। दोनों पदाधिकारियों ने अपनी सफाई में कहा कि वे अपने निजी वाहनों से निकले थे, लेकिन सडक़ पर जाम लग जाने से यह स्थिति बनी। जाम में फंसे वाहनों को वाहन रैली का बताकर प्रचारित किया जा रहा है। 

मुख्यमंत्री एवं पार्टी पदाधिकारियों ने दोनों अध्यक्षों को भविष्य के लिए सख्त समझाइश देते हुए संगठनात्मक अनुशासन, जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी तथा सार्वजनिक आयोजनों की मर्यादा को गंभीरता से पालन के निर्देश दिए। कहा गया कि देश को आत्मनिर्भर बनाने, वैश्विक ऊर्जा संकट के दौरान भारत को इस संकट से बचाए रखने के लिए हम सभी कार्यकर्ताओं को पेट्रोलियम पदार्थों का कम से कम उपयोग करना है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ऊर्जा बचत को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सुरक्षा व व्यवस्था में लगे वाहनों की संख्या बहुत कम कर दी है। ऐसे में देश हित में पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं को भी पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से मिले निर्देशों का पालन करना चाहिए।