राजधानी

Image Alt Text

521 नव आरक्षकों ने राष्ट्रध्वज और संविधान को साक्षी मानकर ली शपथ, पुलिस प्रशिक्षण शाला भौंरी में में हुआ चतुर्थ नव आरक्षक बैच का दीक्षांत परेड समारोह

राजधानी

भोपाल। स्वाभिमान से ऊँचा मस्तक, अनुशासित कदम, अदम्य साहस से भरा सीना और देशभक्ति के जज्बे के साथ जब आकर्षक दीक्षांत परेड आगे बढ़ी तो सभी रोमांचित हो गए। मौका था पुलिस प्रशिक्षण शाला भौंरी भोपाल में चतुर्थ नव आरक्षकों के भव्य दीक्षांत समारोह का। पुलिस आयुक्त नगरीय पुलिस भोपाल संजय कुमार ने मुख्य अतिथि के रूप में दीक्षांत परेड की सलामी ली और खुली जिप्सी में सवार होकर परेड का निरीक्षण किया। दीक्षांत परेड समारोह के बाद 521 आरक्षक विधिवत रूप से मध्यप्रदेश पुलिस की मुख्य धारा में शामिल हो गए। जिनमें 322 महिला नव आरक्षक एवं 199 पुरूष आरक्षक शामिल हैं।

पुलिस से जन समान्य की अपेक्षाएं अधिक

समारोह को संबोधित करते हुए पुलिस आयुक्त संजय कुमार ने कहा कि दीक्षांत परेड पुलिस विभाग में भर्ती प्रत्येक पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी के जीवन का सबसे महत्वपूर्ण क्षण होता है। प्रशिक्षण पूर्ण होने के पश्चात एक पुलिसकर्मी पूर्ण रूप से तैयार होकर मैदान में जाता है, जहां उसे समाज की अपेक्षाओं पर खरा उतरना होता है। उन्होंने कहा कि पुलिस ऐसा विभाग है, जिससे जनसामान्य की अपेक्षाएं अत्यधिक होती हैं। कमजोर एवं पीड़ित व्यक्ति के लिए विषम परिस्थितियों में पुलिस ही उम्मीद की किरण बनती है। आपराधिक न्याय प्रणाली में पीड़ितों को न्याय दिलाने का प्रथम सोपान पुलिस है। किसी दुर्घटना या अनहोनी के समय वर्दीधारी पुलिस जवान घायल एवं पीडि़त व्यक्तियों को साहस और भरोसा प्रदान करता है।

व्यक्ति नहीं विभाग का प्रतिनिधित्व करती है वर्दी 

पुलिस आयुक्त संजय कुमार ने कहा कि पुलिस की वर्दी केवल किसी व्यक्ति का नहीं, बल्कि पूरे पुलिस विभाग का प्रतिनिधित्व करती है। एक पुलिसकर्मी के आचरण एवं कार्यशैली से ही विभाग की छवि निर्मित होती है। अत: सभी नव आरक्षकों को ईमानदारी, संवेदनशीलता, अनुशासन एवं जनसेवा की भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए। उप निदेशक डॉ संजय कुमार अग्रवाल ने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान नव आरक्षकों को आधुनिक पुलिसिंग की अवधारणा एवं व्यवहारिक दक्षताओं के अनुरूप तैयार किया गया, जिससे वे भविष्य में कुशल एवं जनसेवा के प्रति समर्पित पुलिसकर्मी के रूप में अपनी भूमिका निभा सकें। उन्होंने सभी प्रशिक्षुओं को शपथ दिलाई। अंत में मुख्य अतिथि एवं उप निदेशक डॉ संजय कुमार अग्रवाल ने प्रशिक्षण में उत्कृष्ट रहे प्रशिक्षु नवआरक्षकों को शील्ड व प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया।

समारोह में ये अधिकारी भी रहे उपस्थित 

पुलिस महानिरीक्षक श्रीमती रूचिवर्धन मिश्र, उप पुलिस महानिरीक्षक (पीएसओ टू डीजीपी) डॉ. विनीत कपूर, उप पुलिस महानिरीक्षक प्रशिक्षण मनीष कुमार अग्रवाल, कमाण्डेंट सशस्त्र सीमा बल देवानन्द, सहायक निदेशक प्रशिक्षण श्रीमती रश्मि पाण्डेय, एसपी पीटीएस श्रीमती यास्मीन ज़हरा, सहायक निदेशक बाह्य प्रशिक्षण श्रीमती ज्योति उमठ एवं संस्थान के स्टाफ सहित अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी दीक्षांत समारोह के साक्षी बने। साथ ही प्रशिक्षु नवआरक्षकों के परिजन भी उत्साहवर्धन के लिए पहुंचे थे।