राजधानी

Image Alt Text

समन्वय बैठाकर संभाग की रैंक सुधारें विभागीय अधिकारी, संभागीय आयुक्त ने साप्ताहिक समीक्षा बैठक, शिकायतों के निराकरण और गेहूं खरीदी के निर्देश

राजधानी

भोपाल। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य काम करें और भोपाल संभाग की समग्र रैंकिंग में सुधार लाने के लिए प्रयास करें।  संभाग के सभी उपार्जन केन्द्रों पर 28 मई तक व्यवस्थित तरीके से गेहूं की खरीदी हो एवं मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों का विभागीय अधिकारी संतुष्टिपूर्वक निराकरण करें। इस तरह के निर्देश भोपाल संभागीय आयुक्त संजीव सिंह ने शुक्रवार को समय-सीमा पत्रों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक में दिए। 

संभागायुक्त ने उपार्जन कार्य की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि उपार्जन केन्द्रों पर समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी की अंतिम तिथि 23 मई से बढ़ाकर 28 मई कर दी गई है। अधिकारी उक्त समयावधि में कृषकों से सुचारू रूप से गेहूं उपार्जन का काम पूरा कराएं। संभागायुक्त श्री सिंह ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में दर्ज 100 दिवस से अधिक लंबित शिकायतों की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर संतुष्टिपूर्ण निराकरण किया जाए। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए भोपाल संभाग की समग्र रैंकिंग में सुधार लाने के निर्देश दिए। जन-स्वास्थ्य को दृष्टिगत रखते हुए संभागायुक्त श्री सिंह ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि खाद्य पदार्थों में मिलावट करने वालों के विरुद्ध सघन जांच अभियान चलाकर सख्त वैधानिक कार्यवाही की जाए। बैठक में नगरीय विकास एवं आवास विभाग के कार्यों की समीक्षा के दौरान संभागायुक्त श्री सिंह ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम, 2026 के प्रावधानों के अनुसार समिति का गठन कर नियमानुसार कार्यवाही सुनिश्चित की जाए तथा नियमों का पालन करवाया जाए।

आगामी वर्षा काल को ध्यान में रखते हुए संभागायुक्त ने उपायुक्त श्रीमती किरण गुप्ता को निर्देशित किया कि वे मानसून-पूर्व तैयारियों के संबंध में सभी संबंधित विभागों की एक संयुक्त बैठक करें। उन्होंने जलभराव रोकने, नाले-नालियों की सफाई और आपदा प्रबंधन से जुड़ी तैयारियों की समीक्षा कर समय रहते आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएं।