राजधानी

Image Alt Text

शिक्षा से सपनों को साकार करें अल्पसंख्यक बेटे-बेटियां, सहयोग के लिए तैयार है सरकार, मप्र वक्फ बोर्ड के कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 849 विद्यार्थियों को सौंपी छात्रवृत्ति

राजधानी

भोपाल। अल्पसंख्यक समुदाय के बेटे-बेटियां शिक्षा के माध्यम से प्रोत्साहित हों और भविष्य के सपनों को साकार करें। मध्यप्रदेश सरकार इनका पूरा सहयोग करेगी। यह बात मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को राजधानी भोपाल के रविन्द्र भवन में मप्र राज्य वक्फ बोर्ड द्वारा आयोजित छात्रवृत्ति वितरण कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए कही। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कुछ विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति के चेक सौंपे। इस तरह प्रदेशभर में 849 विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति वितरण हुआ। कार्यक्रम में वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष सनवर पटेल सहित अन्य अतिथि व पदाधिकारी उपस्थित रहे। 

देश में सर्वश्रेष्ठ बना मप्र वक्फ बोर्ड 

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि स्वतंत्रता के बाद से लेकर अब तक वक्फ सुधार में इतना बड़ा कार्य नहीं हुआ है। मप्र वक्फ संपत्तियों का संरक्षण और सुधार हो रहा है। नया वक्फ भवन भी बनाने की पहल हुई है, जिसका नाम पूर्व राष्ट्रपति डॉ. ए पी जे अब्दुल कलाम के नाम पर रखने का निर्णय लिया गया। मप्र राज्य वक्फ बोर्ड विभिन्न नवाचारों से देश में सबसे आगे है। वक्फ संपत्तियां ऑनलाइन की गई, इसके लिए भारत सरकार से स्कॉच अवार्ड मिला। यह पारदर्शी व्यवस्था पूरे देश के लिए उदाहरण बनी है। म.प्र वक्फ बोर्ड देश का श्रेष्ठ वक्फ बोर्ड है। 

रहीम-रसखान ने दिया समरसता का संदेश

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हमारा देश रहीम और रसखान की मेलजोल की संस्कृृति में विश्वास रखता है। भारत की जनता कानून में भरोसा रखती है, चाहे किसी भी समुदाय की हो। इसलिए भारत पूरे विश्व में आदर्श है। उन्होंने कहा कि महान वैज्ञानिक डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम को राष्ट्रपति बनाने की पहल तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने की, लेकिन विपक्षी कांग्रेस ने दूसरी बार उन्हें राष्ट्रपति नहीं बनने दिया। जब जम्मू कश्मीर में पड़ोसी राष्ट्र से दरिन्दे आए तब वहां की जनता ने उनका सीधा विरोध किया और उन्हें खदेड़ दिया। डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने नए वक्फ कानूनों से श्रेष्ठ कार्य को प्रोत्साहित किया है। प्रधानमंत्री ने नए वक्फ कानून के माध्यम से सुशासन और पारदर्शिता की व्यवस्था लागू करवाई है। अतिक्रमण को रोकने में सफलता मिली है। मध्यप्रदेश इस कार्य में अग्रणी है। उन्होंने कहा कि नए वक्फ कानूनों से वक्फ संपत्तियां सुरक्षित हैं और राज्यों के वक्फ बोर्डों की संपत्यिां बढ़ रही हैं। 

कैप्टन हमीद के साहस और शौर्य को किया याद 

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि भारत पाक युद्ध में कैप्टन हमीद ने साहसी कारनामा करते हुए पाकिस्तान के अनेक टैंक नष्ट कर दिखाए, इसे कौन भूल सकता है। कैप्टन हमीद शहीद हुए, उन्होंने राष्ट्र की सीमाओं की रक्षा को सर्वोपरि माना।

राष्ट्र निर्माण में भागीदार बनें विद्यार्थी: डॉ. पटेल

मध्यप्रदेश राज्य वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सनवर पटेल ने कहा कि आज ‘पढ़ो-पढ़ाओ-राष्ट्र निर्माण में भागीदार बनो’ योजना के अंतर्गत विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति प्रदान की जा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश को विकसित और स्वर्णिम बनाने के लिए कार्य हो रहे हैं। प्रधानमंत्री श्री मोदी वक्फ की चुनौतियों से निपटने के लिए नए कानून लेकर आए हैं। बोर्ड की उपलब्धियां बताते हुए उन्होंने बताया कि बोर्ड के माध्यम से गरीब-जरूरतमंद बेटा-बेटियों को मेडिकल कॉलेज तक की पढ़ाई करने में मदद दी जा रही है। नए कानूनों के कारण वक्फ बोर्ड की आय बढ़ी है। औकाफ-ए-आम्मा के प्रयास स्कूल-कॉलेजों में बेटियों के ड्राप आउट को रोकने में कारगर सिद्ध हुए हैं। बोर्ड ने अपनी संपत्तियों में इस वर्ष 5 लाख पौधे रोपने का निर्णय लिया है। वक्फ के एक स्कूल की नई इमारत का नाम पूर्व राष्ट्रपति डॉ. ए पी जे अब्दुल कलाम के नाम पर रखा जाएगा।