राजनीति

Image Alt Text

भाजपा के महेश, कांग्रेस की मीनाक्षी से दो गुना धनवान

राजनीति

भोपाल। मप्र से राज्यसभा की तीसरी सीट के लिए कांग्रेस प्रत्यासी बनी मीनाक्षी नटराजन की संपत्ति, भाजपा प्रत्याशी महेश केवट से आधी है। हालांकि मीनाक्षी के पास चल और महेश के पास अचल संपत्ति अधिक है। महेश ने स्वयं सिर्फ 10 लाख संपत्ति अर्जित की है, जबकि 2.43 करोड़ की संपत्ति उन्हें विरासत में मिली है। 

महेश केवट के पास कुल 2.79 करोड़ की संपत्ति

भाजपा प्रत्याशी महेश केवट की कुल संपत्ति 2 करोड़, 79 लाख, 27 हजार 500 रुपये है। इसमें उनकी व पत्नी की कुल अचल संपत्ति 8 लाख 34 हजार 655 रुपये की है, जबकि अचल संपत्ति 2 करोड़, 53 लाख रुपये कीमत की है। विगत वर्ष 5.37 लाख आय का रिटर्न भरने वाले महेश के हाथ में नकदी 1.60 लाख और पत्नी के पास कुल 20 हजार नकदी है। बैंकों में कुल 56155 रुपये जमा हैं। उनके पास 12.75 लाख रुपये कीमत की कार है। जबकि स्वयं के पास 4.16 लाख रुपये कीमत का 26 ग्राम सोना और पत्नी के पास 5.60 लाख रुपये कीमत का 35 ग्राम सोना और 47500 रुपये कीमत की चांदी है। प्रिज्म सीमेंट लिमिटेड में 10 लाख की सुरक्षा निधि जमा है। श्री केवट पर कुल देनदारी कार के लिए लिया गया बैंक ऋण 8 लाख 35 हजार 646 रुपये है। 

मीनाक्षी के पास 1.35 करोड़ की चल संपत्ति 

कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन ने नामांकन फार्म के साथ अपनी आय, शिक्षा, एवं संपत्तियों का विवरण दिया है। नकदी, सावधि, वाहन, गहने सहित उनके पास कुल 1 करोड़, 35 लाख 37 हजार 232 रुपये की संपत्ति है। एलएलबी और बायो कैमिस्ट्री में एमएससी मीनाक्षी को पूर्व सांसद की पेंशन मिलती है तथा कुछ कंपनियों में शेयर और बॉण्ड के माध्यम से उन्होंने कुल 53982 रुपये निवेश किया है। 3 लाख रुपये कीमत की एक कार है। राष्ट्रीय बचत पत्र में 3.8 लाख रुपये जमा है। 6.14 लाख का जीवन बीमा प्रीमियम है। सबसे ज्यादा कुल 87 लाख, 89 हजार 970 रुपये अलग-अलग बैंकों में सावधि जमा के रूप में हैं। वित्तीय वर्ष 2024-25 का आयकर रिटर्न 5,78,030 रुपये का जमा किया।