राजनीति

Image Alt Text

युवा कांग्रेस की समीक्षा बैठक में भिड़े पदाधिकारी, धक्का-मुक्की से मचा बवाल तो युकां प्रदेश अध्यक्ष को करना पड़ा बचाव

राजनीति

भोपाल। मध्यप्रदेश कांग्रेस में चल रही अंदरूनी खींचतान अब युवा कांग्रेस तक पहुंच गई है। मंगलवार को भोपाल में आयोजित युवा कांग्रेस की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में उस समय जमकर हंगामा हो गया, जब संगठनात्मक समीक्षा के दौरान पदाधिकारियों के प्रदर्शन का आकलन करने वाले ऐप की विश्वसनीयता पर सवाल उठाए गए। विवाद इतना बढ़ा कि नौबत धक्का-मुक्की तक पहुंच गई और विवाद बढ़ा तो बचाव करने के लिए युकां प्रदेश अध्यक्ष यश घनघोरिया को स्वयं मैदान में उतरना पड़ा।   

हैरानी की बात यह रही कि यह घटनाक्रम ऐसे समय हुआ, जब कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी भी भोपाल में मौजूद थे।

बैठक के दौरान मऊगंज विधानसभा क्षेत्र के युवा कांग्रेस अध्यक्ष आशुतोष ने समीक्षा के लिए इस्तेमाल किए जा रहे विशेष ऐप पर आपत्ति जताते हुए उसकी निष्पक्षता और विश्वसनीयता पर सवाल खड़े किए। इस पर प्रदेश सचिव सलमान गौरी और आशुतोष के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद ने उग्र रूप ले लिया और दोनों के बीच धक्का-मुक्की होने लगी।बैठक में माहौल बिगड़ता देख प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष यश घनघोरिया और अन्य वरिष्ठ नेताओं को अपनी सीट छोडक़र बीच-बचाव करना पड़ा। काफी मशक्कत के बाद दोनों पक्षों को अलग किया गया। बाद में  उन्हें बैठक कक्ष से बाहर भेजा गया। इसके बाद समीक्षा बैठक दोबारा शुरू हो सकी। बैठक में कमजोर प्रदर्शन करने वाले पदाधिकारियों को संगठनात्मक कार्यशैली सुधारने की चेतावनी भी दी गई। हालांकि पूरे घटनाक्रम पर पार्टी के किसी वरिष्ठ नेता ने आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी।