मध्यप्रदेश

Image Alt Text

मानसून में संवेदनशील स्थानों पर रेलवे ने शुरू की विशेष निगरानी, भोपाल रेल मंडल में 118 पेट्रोलमैन, 174 वाचमैन पदस्थ

मध्यप्रदेश

भोपाल। मानसून के दौरान वर्षा, आंधी-तूफान एवं बाढ़ जैसी परिस्थितियों में सुरक्षित एवं निर्बाध रेल संचालन के लिए पश्चिम मध्य रेलवे के भोपाल मंडल ने पर्याप्त तैयारियां की हैं। रेलवे परिसंपत्तियों की सुरक्षा तथा यात्रियों की संरक्षा को ध्यान में रखते हुए भोपाल रेल मंडल में विशेष निगरानी एवं सुरक्षा व्यवस्था की गई है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया के अनुसार मंडल रेल प्रबंधक मानसून अवधि के दौरान रेल संरक्षा के लिए विशेष कार्ययोजना पर प्रभावी ढंग से अमल किया जा रहा है। मंडल में संवेदनशील स्थानों की पहचान कर वहां चौबीसों घंटे निगरानी की व्यवस्था की गई है। इन स्थानों पर 118 पेट्रोलमैन एवं 174 वाचमैन तैनात किए गए हैं, जो नियमित मानसून पेट्रोलिंग के माध्यम से रेल पथ की सतत निगरानी कर रहे हैं।

बांध-पुलों पर विशेष सतर्कता 

भोपाल रेल मंडल में बांध, पुल एवं अन्य महत्वपूर्ण संरचनाओं सहित रेल परिचालन को प्रभावित करने वाले स्थानों को विशेष रूप से चिन्हित कर वहां अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। इसके अलावा संवेदनशील पुलों पर जलस्तर की वास्तविक समय में निगरानी के लिए वॉटर लेवल अलार्म सिस्टम स्थापित किए गए हैं, जिससे बाढ़ जैसी स्थिति में समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

नालियों-पुलियों की सफाई और पेड़ों की छटाई 

रेल पथ एवं यार्ड क्षेत्रों में जलभराव की संभावना को कम करने के लिए नालियों, पुलियों तथा जल निकासी मार्गों की व्यापक सफाई कराई गई है। वहीं विद्युतीकृत रेलखंडों में ओवरहेड उपकरण, सिग्नल एवं ट्रैक की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रेल परिचालन में बाधा उत्पन्न करने वाली पेड़ों की शाखाओं की छंटाई भी कराई गई है।

जांची जा रहीं सिग्रलिंग केबलें और मेगरिंग

मानसून के दौरान संचार एवं सिग्नल प्रणाली को निर्बाध बनाए रखने के लिए सिग्नलिंग केबलों की जांच, मेगरिंग सहित आवश्यक तकनीकी अनुरक्षण कार्य किए जा रहे हैं। साथ ही आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित संपर्क बनाए रखने के लिए वॉकी-टॉकी सेटों को पूरी तरह कार्यशील एवं चार्ज अवस्था में रखा गया है।