राजधानी

Image Alt Text

एसीएस मनु श्रीवास्तव बने सिविल सेवा बोर्ड के सदस्य

राजधानी

भोपाल। मध्य प्रदेश सरकार ने वरिष्ठ आईएएस अधिकारी अपर मुख्य सचिव  मनु श्रीवास्तव को सिविल सेवा बोर्ड का सदस्य नामित किया है। सामान्य प्रशासन विभाग के जारी आदेश के अनुसार अपर मुख्य सचिव श्रीवास्तव अब भारतीय प्रशासनिक सेवा  अधिकारियों के स्थानांतरण, पदस्थापना और अन्य सेवा संबंधी मामलों पर बोर्ड के साथ मिलकर अपना अभिमत देंगे। सिविल सेवा बोर्ड का गठन भारतीय प्रशासनिक सेवा कैडर नियम, 1954 के नियम-7 में किए गए संशोधन के आधार पर किया गया है। केंद्र सरकार के कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग ने 28 जनवरी 2014 को इन नियमों में संशोधन कर राज्यों में ऐसे बोर्ड के गठन का प्रावधान किया था, ताकि आईएएस अधिकारियों की नियुक्ति और तबादलों की प्रक्रिया अधिक संस्थागत और पारदर्शी हो सके।

इस तरह की होती है बोर्ड की संरचना

राज्य सरकार के नियमों के अनुसार सिविल सेवा बोर्ड में मुख्य सचिव बोर्ड के अध्यक्ष होते हैं। वरिष्ठ अपर मुख्य सचिव/राजस्व मंडल अध्यक्ष/वित्त आयुक्त या समकक्ष अधिकारी सदस्य के रूप में शामिल होते हैं। कार्मिक विभाग के प्रमुख सचिव या सचिव सदस्य सचिव की जिम्मेदारी निभाते हैं। वर्तमान में अशोक बर्णवाल राज्य के मुख्य सचिव हैं, जबकि एम. सेलवेंद्रन कार्मिक विभाग के प्रमुख सचिव के रूप में कार्यरत हैं।