राजनीति

Image Alt Text

दतिया उपचुनाव: हार के कारणों की समीक्षा करेगी भाजपा, दो सदस्यीय समिति गठित

राजनीति

भोपाल। दतिया विधानसभा उपचुनाव में पार्टी की हार के बाद भारतीय जनता पार्टी ने चुनाव परिणामों की समीक्षा के लिए दो सदस्यीय समिति का गठन किया है। प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खंडेलवाल के निर्देश पर गठित इस समिति में प्रदेश महामंत्री गौरव रणदीवे तथा वरिष्ठ नेता अंबाराम कराड़ा को सदस्य बनाया गया है। समिति चुनाव से जुड़े जिम्मेदार पदाधिकारियों एवं वरिष्ठ नेताओं से चर्चा कर उपचुनाव परिणाम के कारणों का विस्तृत विश्लेषण करेगी। इसके बाद समिति अपने निष्कर्षों एवं सुझावों सहित प्रतिवेदन प्रदेश अध्यक्ष श्री खंडेलवाल को सौंपेगी। उल्लेखनीय है कि दतिया विधानसभा उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी को हार का सामना करना पड़ा है, ऐसे में पार्टी ने संगठनात्मक स्तर पर हार के कारणों की गहन समीक्षा करने और भविष्य की रणनीति तय करने की दिशा में यह कदम उठाया है।

मुख्यमंत्री निवास पर हुई समीक्षा, आशुतोष तिवारी हुए शामिल 

दतिया विधानसभा उपचुनाव में हार के बाद भारतीय जनता पार्टी संगठन ने हार के कारणों पर मंथन शुरू कर दिया है।  मंगलवार को मुख्यमंत्री निवास पर उपचुनाव के परिणामों को लेकर महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र ङ्क्षसह सहित चुनाव से जुड़े मंत्री, प्रभारी और संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल हुए। समीक्षा बैठक में भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी भी शामिल हुए। सूत्रों के अनुसार, आशुतोष तिवारी ने चुनाव में भितरघात के आरोपों पर अपनी बात रखी। उनके पास शिकायतों से संबंधित कुछ ऑडियो रिकॉर्डिंग होने की भी चर्चा है। सूत्रों के अनुसार समीक्षा बैठक में बूथ स्तर से लेकर चुनाव प्रबंधन तक की भूमिका पर चर्चा हुई। पार्टी यह जानने का प्रयास कर रही है कि मजबूत संगठनात्मक आधार के बावजूद भाजपा को चुनाव में पराजय का सामना क्यों करना पड़ा।