राजधानी

Image Alt Text

राजधानी में 30 प्रतिशत महंगी बिक रही शराब

राजधानी

भोपाल नए शहर की शराब दुकानों पर सिंडीकेट का एकाधिकार 

भोपाल। राजधानी भोपाल में सिंडीकेट के एकाधिकार के चलते देशी और विदेशी शराब 23 से 30 प्रतिशत तक महंगी बेची जा रही है। चूंकि पूरा शहर दो गु्रपों के अधिपत्य में है और सभी दुकानों पर महंगी और एक ही कीमत पर शराब मिल रही है। इसलिए शराब के शौकीन महंगी शराब खरीदने के लिए मजबूर हैं। 

उल्लेखनीय है कि जबलपुर जिले में निर्धारित दरों से महंगी शराब बेचे जाने के विरोध में दायर याचिका पर उच्च न्यायालय ने आबकारी आयुक्त को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। महंगी शराब अकेले जबलपुर या भोपाल में ही नहीं बिक रही है, बल्कि प्रदेशभर में निर्धारित महंगी दरों पर शराब बेची जा रही है। अधिकारियों के पास इसकी सूचना भी है और मौखिक रूप से शिकायतें भी पहुंची हैं, लेकिन आधिकारिक रूप से लिखित शिकायत नहीं पहुंचने का बहाना बनाकर अधिकारी कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। 

राजधानी की 60 प्रतिशत दुकानें एक ग्रुप के पास 

राजधानी भोपाल की सभी 83 कम्पोजिट मदिरा दुकानें दो ग्रुपों के कब्जे में हैं। पुराना भोपाल शहर की गोविंदपुरा, प्रभात चौराहा, भोपाल जंक्शन, सेमरा आदि क्षेत्र की कुल 16 शराब दुकानें ही शिवहरे लिकर सहित उससे जुड़े ग्रुप के पास बताई जाती हैं। शेष 67 शराब दुकानें भोपाल के पुराने शराब माफिया द्वारा बनाए गए सिंडीकेट के कब्जे में है। इसी सिंडीकेट के एकाधिकार के चलते न केवल सुरा प्रेमियों को महंगे दाम चुकाने पड़ रहे हैं, बल्कि शराब भी घटिया गुणवत्ता की खरीदनी पड़ रही है। 

सौ रुपये में सादा, 130 रुपये में बिक रहा मसाला

मप्र में कम्पोजिट मदिरा दुकानों पर वर्ष 2025-26 के लिए मसाला कांच 180 मिली की न्यूनतम दर 95 रुपये और अधिकतम 110 रुपये है। इसी प्रकार प्लेन कांच 180 मिली की 68 रुपये और 79 रुपये तथा मसाला पैट 180 एमएल की कीमत 92 और 106 रुपये है। इसके विपरीत भोपाल शहर की 67 शराब दुकानों पर मसाला कांच 180 मिली और मसाला पैट 180 एमएल 130 रुपये में और बेची जा रही है और प्लेन कांच 180 मिली सौ रुपये कीमत पर बेची जा रही है। इस तरह मसाला शराब पर क्रमश: 32-30 और 24-30 रुपये तथा प्लेन 32 से 30 रुपये तक महंगी बेची जा रही है। 

शहर में खफाई जा रही घटिया गुणवत्ता की बीयर 

शहर की 67 दुकानों पर एक ग्रुप द्वारा तैयार सिंडीकेट के एकाधिकार के चलते न केवल भोपाल की सबसे बदनाम शराब कंपनी द्वारा तैयार घटिया गुणवत्ता की देशी मदिरा ही बेची जा रही है, बल्कि बीयर भी सिर्फ हंटर ब्रांड की ही खफाई जा रही है। इसकी गुणवत्ता और स्वाद को लेकर सुराप्रेमी लगातार शिकायतें कर रहे हैं। जबकि किंगफिशर या दूसरी अच्छी गुणवत्ता की शराब उपलब्ध होने से ही मना कर दिया जाता है अथवा कीमत से बहुत अधिक दर पर बेची जा रही हैं। आबकारी अधिकारियों का कहना है कि कोई दुकान किस कंपनी की शराब या बीयर बेचेगी, यह खुद ठेकेदार तय कर सकता है। इस पर कार्रवाई नहीं की जा सकती। 

रेट बताते हैं तो नहीं मिलती शराब 

मनीषा मार्केट स्थित कम्पोजिट मदिरा दुकान से बीयर और 180 एमएल मसाला शराब खरीदने वाले शाहपुरा निवासी रोहित यादव ने बताया कि मैंने 130 रुपये में मसाला क्वार्टर खरीदा है। सफेद का क्वार्टर सौ रुपये में मिलता है। यहां से खरीदी बीयर पर रेट मिटा हुआ है, लेकिन 130 रूपये में दी है।  रोहित ने कहा कि बोतल पर लिखी रेट दुकानदार को बताते हैं तो वह शराब नहीं देता और धमकाकर और बेज्जती कर चलता कर देता है। चूंकि क्षेत्र की सभी दुकानों पर इसी दर पर शराब मिलती है। इसलिए जिस कीमत पर देते हैं, खरीद लेते हैं। 

‘शहर में अवैध शराब और नियम विरुद्ध शराब विक्रय पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। महंगी शराब बेचे जाने की सूचना कहीं से भी मिलेगी कार्रवाई की जाएगी। जहां आपने बताया है, वहां आज ही दिखवा लेता हँू। ’

वीरेन्द्र धाकड़

सहायक आबकारी आयुक्त, भोपाल