राजधानी

Image Alt Text

230 बीएलओ ने लिया चुनावी नवाचार का प्रशिक्षण

राजधानी

दो बार परीक्षा लेगा आयोग, अनुत्तीर्ण हुए तो नहीं बन सकेंगे मुख्य प्रशिक्षक 

भोपाल। नवाचार के साथ चुनाव प्रबंधन हेतु मुख्य प्रशिक्षक (मास्टर ट्रेनर) का चयन करने से पहले भारत निर्वाचन आयोग दो बार परीक्षा लेगा। इस परीक्षा में विधानसभा के बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) के अलावा जिला व राज्य स्तर के अधिकारी शामिल हो सकेंगे। लेकिन आयोग द्वारा उन्हीं को मुख्य प्रशिक्षक बनाया जाएगा, जो आयोग द्वारा ली लाने वाली चुनाव प्रबंधन की परीक्षा में उत्तीर्ण होंगे। दोनों बार अनुत्तीर्ण होने पर यह अपात्र हों जाएंगे। इस परीक्षा से पहले चुनावी  नवाचार से संबंधित प्रशिक्षण के लिए शनिवार को 230 बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) प्रशासन अकादमी में एकत्रित हुए। 

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुखवीर सिंह, अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी राजेश कौल, संयुक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी आरपीएस जादौन और उप मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुरभि तिवारी व राजेश यादव की उपस्थिति में चुनाव प्रशिक्षण की शुरुआत हुई है। इस दौरान मास्टर ट्रेनर के रूप में जिन्हें प्रशिक्षित करने के लिए बुलाया है उनका प्रशिक्षण शुरू हो गया है और इसी विषय वस्तु पर आधारित टेस्ट लिए जाएंगे।

जिलों में प्रशिक्षण देंगे मुख्य प्रशिक्षक 

बूथ लेवल अधिकारी के लिए राष्ट्रीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत राज्य स्तरीय, जिला स्तरीय और विधानसभा स्तरीय मुख्य प्रशिक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रम हो रहा है। बीएलओ की क्षमता विकास के लिए दी जाने वाले इस त्रिस्तरीय प्रशिक्षण में मुख्य प्रशिक्षक दिनभर प्रशिक्षण लेने के बाद जिलों में जाकर बीएलओ को प्रशिक्षित करेंगे। इसको लेकर देश के अन्य राज्यों के साथ मप्र के बूथ लेवल अधिकारी और सहायक रिटर्निंग अधिकारियों को दिल्ली में दो बार में अलग-अलग प्रशिक्षण दिया जा चुका है। 

हर जिले से एक राज्य स्तरीय मुख्य प्रशिक्षक

प्रशिक्षण में हर जिले से केवल एक राज्य स्तरीय मुख्य प्रशिक्षक इस प्रशिक्षण में रहेगा। जिस जिले में राज्य स्तरीय मुख्य प्रशिक्षक नहीं हैं, तो निकटतम पड़ोसी जिले से एक अतिरिक्त मुख्य प्रशिक्षक के समन्वय से प्रशिक्षण के लिए भेजा गया है। आयोग ने निर्देश हैं कि हर जिले से केवल एक जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर रहेगा। वहीं हर विधानसभा क्षेत्र से केवल एक विधानसभा स्तरीय मास्टर ट्रेनर को प्रशिक्षण के लिए बुलाया है।

गंभीरता से सुनें और समझें बीएलओ: कौल 

प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरूआत में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी राजेश कौल ने बीएलओ एवं अन्य अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रशिक्षण के दौरान बताई जाने वाली बातों को गंभीरता से सुनें और समझें ताकि जिलों में मास्टर ट्रेनर के रूप में आप अच्छे से जानकारी दे सकें और स्थानीय स्तर पर इससे संबंधित सवालों पर किसी तरह की हिचकिचाहट की स्थिति न बने।