राजधानी

Image Alt Text

घटिया कामों पर गुणवत्ता की मोहर लगा रहे अभियंता!

राजधानी

- राजधानी में 48 प्रतिशत तक कम दरों पर हो रहे सरकारी काम 

- कामों को लेकर अधिकारियों के प्राक्कलन पर भी खड़े हो रहे सवाल 

भोपाल। लोक निर्माण विभाग, राजधानी परियोजना सहित अन्य निर्माण विभागों में अलग-अलग निर्माण और संधारण कामों को लेकर अधिकारियों की प्राक्कलन दरों के विपरीत ठेकेदार 48-50 और इससे भी कम (ब्लो) दरों पर काम ले रहे हैं। विभागीय अधिकारियों का दावा है कि 50 प्रतिशत या उससे भी कम दरों पर दिए गए इन कामों की गुणवत्ता खराब नहीं होगी, क्योंकि ये काम अनुविभागीय अधिकारी और उपयंत्री की सतत निगरानी में होंगे। ऐसे में सवाल उठता है कि सरकारी कामों की दरों को लेकर अधिकारी गलत प्राक्कलन दरें तय कर रहे हैं अथवा जिम्मेदार अभियंता ही घटिया कामों पर गुणवत्ता की मोहर लगाकर इन्हें पास कर रहे हैं। 

सांठगांठ से कम दरें भी फायदे का सौदा 

विभागीय सूत्रों का कहना है कि निर्माण विभागों में निर्धारित दर से कम या अधिक (ब्लो-अबव) का पूरा खेल अधिकारियों की सांठगांठ से चलता है। ब्लो दरों के बावजूद अधिकारियों को कम से कम 10 प्रतिशत कमीशन के बाद खुद का लाभ निकालना होता है। 50 प्रतिशत ब्लो दर पर ठेकेदार को बड़ा लाभ दिलाने क लिए एसडीओ और कार्यपालन यंत्री स्तर के अधिकारी किसी भी काम का जो प्राक्कलन तैयार करते हैं, उसमें मूल काम के साथ कई ऐसे काम जोड़ दिए जाते हैं, जो कम खर्च वाले होते हैं। कई काम ऐसे भी होते हैं,जिनमें संधारण की आवश्यकता ही नहीं होती। निविदा विज्ञप्ति में भी मूल काम के साथ अन्य काम शब्द जोड़ दिया जाता है, जिसके आधार पर बाहरी व्यक्ति कामों की अनुमानित लागत तय नहीं कर सकता। जिस ठेकेदार को काम देना होता है, निविदा शर्तें और काम उसके अनुकूल तय किया जाता है। काम को ठेकेदारों के बीच प्रतिस्पर्धा की स्थिति में अधिकारी ही सामंजस्य बैठाने का काम भी करते हैं। 

एक ही तारीख में जारी यह कम दरों वाली निविदा

लोक निर्माण विभाग द्वारा एक ही तारीख को जारी इन सात निविदाओं में सभी सफल निविदाकार ठेकेदारों ने कम दरों पर काम लिए हैं। अधिकारियों का दावा है कि एसडीओ और उपयंत्री की निगरानी में इन कामों की गुणवत्ता खराब नहीं होगी।  

- विन्धांचल भवन में टैंक मरम्मत सहित अन्य कार्य : इसकी निविदा 12 अगस्त 2024 को आमंत्रित की गई। कार्य की अनुमानित लागत 64.98 लाख रुपये थी। इस काम को सफलतम निविदाकार ने 16.63 प्रतिशत कम (ब्लो) दर पर लिया है। 

- वल्लभ भवन ब्लॉक 2 एवं 3 में टफन्ड ग्लास पार्टीशन: इसकी निविदा भी 12 अगस्त 2024 को आमंत्रित की गई। कार्य की अनुमानित लागत 36.24 लाख रुपये थी। सफलतम निविदाकार ठेकेदार ने इस काम को 38.99 प्रतिशत कम (ब्लो) दर पर लिया है। 

- राजधानी उपसंभाग क्र. 3 में डी.के.कॉटेज एवं दानापानी तथा दानिश ब्रिज से इंडस अपोलो हॉस्पीटल मार्ग में सरफेस ड्रेन, सेंट्रल वर्ज एवं अन्य कार्य : 12 अगस्त 2024 को आमंत्रित इस निविदा के काम की अनुमानित लागत 30 लाख रुपये थी। ठेकेदार ने इस काम को 48.86 प्रतिशत कम (ब्लो) दर पर लिया। 

- मयूर पार्क, भोपाल में योगा हॉल के एसी सीट को बदलकर प्री-कोटेज गालवनाईज्ड आय प्रोफाईल सीट लगाने सहित अन्य कार्य: 12 अगस्त 2024 को आमंत्रित इस निविदा के कार्य की अनुमानित लागत 28.40 लाख रुपये थी। ठेकेदार ने इस काम को 39.11 प्रतिशत (ब्लो) दर पर लिया। 

- राजधानी उपसंभाग क्र. 3 के अंतर्गत मास्टर प्लान मार्गों में विभिन्न सिविल कार्य : इस काम की निविदा भी 12 अगस्त 2024 को आमंत्रित हुई। काम की अनुमानित लागत 25 लाख रुपये थी। सफल निविदाकार ने इस काम का ठेका 45.40 प्रतिशत (ब्लो) दर पर लिया है। 

- राजधानी उप संभाग क्र. 2 अंतर्गत विभिन्न मार्गों में टॉ-वॉल का निर्माण, सिविल स्ट्रेक्चर के मजबूतीकरण का कार्य: इस काम की निविदा 12 अगस्त 2024 को जारी हुई। काम की अनुमानित लागत 24 लाख रुपये थी। ठेकेदार ने इस काम को 46.86 प्रतिशत (ब्लो) दर पर लिया है। 

- राजधानी उप संभाग क्र. 2 के अंतर्गत विभिन्न मार्गों के पेच वर्क एवं अन्य कार्य: इस काम की निविदा भी 12 अगस्त 2024 को जारी हुई। काम की अनुमानित लागत 19.80 लाख रुपये थी। ठेकेदार ने यह काम 37.37 प्रतिशत (ब्लो) दर पर लिया है। 

‘प्रतिस्पर्धा के चलते ठेकेदार बहुत कम दरों पर ठेके ले लेते हैं। कई ठेकेदार लेवर-मशीनरी का खर्च निकालने के लिए घाटे में भी काम करते हैं। विभागीय कामों की गुणवत्ता से किसी तरह का समझौता नहीं किया जाता।’

संजय मस्के, मुख्य अभियंता

लोक निर्माण विभाग, भोपाल