Breaking News:

• रेखा यादव ने संभाला महिला आयोग अध्यक्ष का कार्यभार • ‘एक्टिव मोड’ में कार्य करें अधिकारी, लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई, समय सीमा बैठक में कलेक्टर के निर्देश • पश्चिम बंगाल विजय पर भाजपा कार्यालय में मना उत्सव, ढोल-नगाड़ों के बीच झूमे कार्यकर्ता, प्रदेश अध्यक्ष ने मिठाई के साथ खिलाई झालमुड़ी • कौशल शर्मा ने ग्रहण किया महर्षि पतंजलि संस्कृत संस्थान के अध्यक्ष का पदभार • मोदी की झोली में बंगाल की ममता, भगवा हो गया ‘झालमुई’ का रंग, प्रधानमंत्री बोले यह ऐतिहासिक और अभूतपूर्व दिन • रोटेशन नहीं ट्रांसफर हैं ये: चेकपोस्ट व्यवस्था के बाद ही जारी होगी परिवहन विभाग की चक्रानुक्रम (रोटेशन) सूची! अभी मैदानी अमले को मिलना शुरू हुई नई पदस्थापना
राजनीति

Image Alt Text

कल से किसके हाथ आएगी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष की कमान?

राजनीति

मध्यप्रदेश के वरिष्ठ भाजपा नेताओं से जारी रायसुमारी 

भोपाल। मध्यप्रदेश में भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष के निर्वाचन को लेकर एक बार फिर से तैयारी शुरू हो गई है। भाजपा के संगठन चुनाव प्रदेश प्रभारी केन्द्रीय मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान सोमवार को भोपाल पहुंचेंगे। स्थानीय नेताओं से चर्चा और रायसुमारी के बाद अगले दो दिन में सर्वसहमति से पार्टी के नए प्रदेश अध्यक्ष की घोषणा होगी।

उल्लेखनीय है कि संगठन चुनाव के निर्धारित निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रदेश अध्यक्ष का निर्वाचन 15 फरवरी तक होना था। लेकिन दिल्ली विधानसभा चुनाव के चलते केन्द्रीय नेतृत्व व्यस्त रहा और चुनाव कार्यक्रम टल गया। दिल्ली से अच्छे परिणाम और वहां नई सरकार के गठन के बाद अप्रैल में एक बार फिर से मप्र सहित करीब एक दर्जन राज्यों में संगठन चुनाव की प्रक्रिया शुरू होने वाली थी कि अचानक कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमला हो गया। इसके चलते केन्द्रीय नेतृत्व ऑपरेशन सिंदूर की रणनीति और तैयारियों में व्यस्त हो गया। इस कारण एक बार फिर से संगठन चुनाव टालने पड़े। राष्ट्रीय स्तर से यह तीसरा अवसर है जब संगठन की प्रक्रिया फिर से शुरू हुई है। हालांकि इस बार रायसुमारी से 2 जुलाई को नए प्रदेश अध्यक्ष की घोषणा होना तय है।

स्थानीय नेताओं से जारी है रायसुमारी
केन्द्रीय मंत्री और संगठन चुनाव प्रदेश प्रभारी श्री प्रधान के भोपाल पहुंचने से पहले संगठन ने स्थानीय वरिष्ठ नेताओं से भी रायसुमारी की है। रविवार को भी पार्टी के कुछ पुराने वरिष्ठ नेताओं के साथ नए अध्यक्ष के नाम पर चर्चा हुई। सोमवार, एक जुलाई को केन्द्रीय मंत्री श्री प्रधान के साथ प्रमुख नेताओं की बड़ी बैठक होगी। इसी बैठक में प्रदेश अध्यक्ष के नाम पर मोहर लगनी है। हालांकि नए अध्यक्ष के नाम की घोषणा 2 जुलाई को होगी।

सामाजिक समीकरण से लगाए जा रहे नामों के कयास
मध्यप्रदेश में भाजपा का नया प्रदेश अध्यक्ष कौन होगा। यह किस जाति-वर्ग का होगा? मप्र के किस अंचल से होगा? महिला होगा या पुरुष? अनुभवी होगा अथवा युवा? क्या किसी सांसद को ही प्रदेश अध्यक्ष बनाया जाएगा? नए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष को लेकर इस तरह के कई सवाल और कयास लगाए जा रहे हैं? हालांकि सामाजिक समीकरणों के आधार पर सामान्य अथवा अजजा वर्ग से प्रदेश अध्यक्ष का चयन होने के दावे तक किए जा रहे हैं। चूंकि पार्टी ने संगठन से लेकर सरकार तक में महिलाओं को पर्याप्त भागीदारी और आरक्षण का दावा किया है। इस कारण माना जा रहा है कि 29 में से कम से कम 3-4 राज्यों में महिला प्रदेश अध्यक्ष बनाई जा सकती हैं। भाजपा संगठन की दृष्टि से मप्र बड़ा और प्रमुख राज्य है। इसलिए यहां महिला प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने की संभावना कम ही है।

भाजपा अध्यक्ष भी बोले 1-2 को चुनाव
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने रविवार को मीडिया से चर्चा में स्वीकार किया कि प्रदेश अध्यक्ष के लिए एक और दो जुलाई को भोपाल में संगठनात्मक चुनाव प्रक्रिया पूरी होगी। उन्होंने कहा कि यह वर्ष भारतीय जनता पार्टी के लिए संगठन चुनाव का वर्ष रहा है। बूथ अध्यक्ष से लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष तक के चुनाव की प्रक्रिया जारी है। मप्र के सभी 65 हजार से अधिक बूथों का चुनाव हो चुका है। हर स्तर की कार्यसमितियां भी बनकर तैयार हो चुकी हैं। प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया 1 व 2 जुलाई तक संपन्न होगी। इसके लिए चुनाव प्रभारी केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान 1 जुलाई को भोपाल आ रहे हैं।