Breaking News:
राजनीति
हेमंत खण्डेलवाल भाजपा प्रदेश अध्यक्ष निर्वाचित
राजनीति
मुख्यमंत्री बने पहले प्रस्तावक, निर्विरोध हुआ चुनाव, घोषणा बुधवार को
भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के संगठन पर्व के अंतर्गत मंगलवार को बैतूल विधायक हेमंत खण्डेलवाल को निर्विरोध भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चुन लिया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा खण्डेलवाल के प्रस्ताव बने। प्रदेश अध्यक्ष चुने जाने की आधिकारिक घोषणा बुधवार को आयोजित बैठक में सुबह 11 बजे तक होगी।
उल्लेखनीय है कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पद के दावेदारों में विधायक खण्डेलवाल का नाम पिछले चार महीने से सबसे आगे रहा और हाल में संगठन चुनाव की हलचल के बीच भी उन्हें ही अध्यक्ष पद का एक मात्र दावेदार माना जा रहा था। मंगलवार को केन्द्रीय मंत्री एवं संगठन चुनाव के प्रदेश प्रभारी धर्मेन्द्र प्रधान, केन्द्रीय पर्यवेक्षक श्रीमती सरोज पाण्डेय और राज्य निर्वाचन अधिकारी विवेक शेजवलकर की उपस्थिति में मंगलवार की शाम करीब 5 बजे निर्वाचन की प्रक्रिया शुरू हुई। सबसे पहले श्री खण्डेलवाल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को प्रस्तावक के रूप में मंच पर लेकर पहुंचे और निर्वाचन अधिकारियों को नामांकन फार्म सौंपा। खण्डेलवाल ने दूसरा नामांकन फार्म भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा और तीसरा केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान को प्रस्तावक बनाकर सौंपा। इसके बाद किसी अन्य दावेदार की ओर से नामांकन फार्म जमा नहीं किया गया। लगभग आधे घंटे की चुनाव प्रक्रिया के बाद ही खण्डेलवाल को निर्विरोध पार्टी प्रदेश अध्यक्ष चुन लिया गया। इसके बाद पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उन्हें बधाई दी।
राष्ट्रीय परिषद के सदस्यों ने जमा किए नामांकन
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पद के नामांकन के साथ ही राष्ट्रीय परिषद के सदस्यों के निर्वाचन के लिए पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने नामांकन फार्म जमा किए। इनमें केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, ज्योतिरादित्य सिंधिया, निवर्तमान अध्यक्ष वीडी शर्मा, पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव, अर्चना चिटनिस, प्रहलाद पटेल, राजेन्द्र शुक्ला, जगदीश देवड़ा, राकेश सिंह, यशपाल सिसौदिया, सावित्री ठाकुर सहित 40 दावेदारों ने नामांकन फार्म जमा किए। चूंकि मप्र से कुल 40 सदस्य चुने जाने हैं, इस कारण इन सभी दावेदारों का निर्वाचन भी निर्विरोध होना तय है।
खण्डेलवाल का व्यक्तिगत सूक्ष्म जीवन परिचय
नव-निर्वाचित भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विधायक हेमंत खण्डेलवाल का जन्म 3 सितम्बर 1964 को मथुरा, उत्ताप्रदेश में हुआ। पेशे से व्यवसायी खण्डेलवाल ने जेएच शाासकीय कॉलेज बैतूल से वाणिज्य एवं विधि संकाय में स्नातक की डिग्री प्राप्त की है। परिवार में पत्नी श्रीमती रितु खण्डेलवाल एवं दो संतानें, एक बेटा और एक बेटी है। पिता विजय कुमार खंडेलवाल के सांसद रहते निधन के बाद 2008 में उन्होंने बैतूल लोकसभा से उपचुनाव लड़ा और जीतकर सांसद बने। वर्ष 2013 से 2018 तक बैतूल विधायक रहे। 2023 में वे फिर से विधायक चुने गए। वर्तमान में विधायक के साथ कुशाभाऊ ठाकरे ट्रस्ट के अध्यक्ष भी हैं।
संगठन में इन प्रमुख पदों पर रहे
नव-निर्वाचित भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल वर्ष 2010 से 2013 तक बैतूल के भाजपा जिलाध्यक्ष रहे। इससे पहले 2014 से 2018 तक पार्टी के प्रदेश कोषाध्यक्ष रहे। वर्ष 2021 में पार्टी ने उन्हें पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में प्रवासी कार्यकर्ता प्रभारी और 2022 में उत्तर प्रदेश चुनाव में 61 सीटों के लिए प्रवासी कार्यकर्ता प्रभारी बनाया। वर्तमान में वे कुशाभाऊ ठाकरे ट्रस्ट अध्यक्ष भी हैं।
Link सिलेक्ट कर वीडियो देखें - https://youtu.be/uEv1pfGTATs?feature=shared
अन्य खबर
ट्रेंडिंग खबरें
मध्यप्रदेश
रोटेशन नहीं ट्रांसफर हैं ये: चेकपोस्ट व्यवस्था के बाद ही जारी होगी परिवहन विभाग की...
05-05-26
राजनीति
मोदी की झोली में बंगाल की ममता, भगवा हो गया ‘झालमुई’ का रंग, प्रधानमंत्री बोले...
04-05-26
राजधानी
कौशल शर्मा ने ग्रहण किया महर्षि पतंजलि संस्कृत संस्थान के अध्यक्ष का पदभार
04-05-26
राजनीति
पश्चिम बंगाल विजय पर भाजपा कार्यालय में मना उत्सव, ढोल-नगाड़ों के बीच झूमे कार्यकर्ता, प्रदेश...
04-05-26
राजधानी
‘एक्टिव मोड’ में कार्य करें अधिकारी, लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई, समय सीमा बैठक में...
04-05-26