राजनीति

Image Alt Text

कार्यालय में न बैठें, कैलेण्डर बनाकर प्रवास करें पदाधिकारी

राजनीति

कामकाजी बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का स्पष्ट संदेश  

भोपाल। कई मोर्चा-प्रकोष्ठों के पदाधिकारी सप्ताह में 4-5 दिन भोपाल में ही नजर आते हैं। जिलाध्यक्ष भी सातों दिन कार्यालय में नहीं बैठें। जिसे जहां जो भी दायित्व मिला है, हर महीने के लिए प्रवास कार्यक्रम का कैलेण्डर तैयार कर जमीनी काम करें। प्रदेश भाजपा कार्यालय में सोमवार को आयोजित पहली ही कामकाजी बैठक में इस तरह का संदेश भाजपा के नव-निर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने पार्टी के प्रदेश और जिला पदाधिकारियों को दिया। 

बैठकों के लिए समय-अनुशासन जरूरी  

श्री खंडेलवाल ने कहा कि पार्टी में बैठकों को लेकर एक अनुशासित परिपाटी शुरू करनी होगी। समय-अनुशासन का पालन सभी को करना होगा। उन्होंने कहा कि विधायकों, सांसदों के साथ होने वाली बैठकें शनिवार-रविवार को रखी जाएं। हालांकि पहली ही बैठक स्वयं देरी से पहुंचने का कारण बताया कि 7 राज्यों की विधानसभाओं के अध्यक्षों का राज्यपाल के साथ लंच रखा था। राज्यपाल के उठने से पहले मैं निकल नहीं पा रहा था। यह बैठक दो बजे से शुरू होना थी। लेकिन, मुझे विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने बुला लिया था।

मेरे नाम से किसी पर भरोसा न करें 

श्री खंडेलवाल ने कहा, ‘मेरे परिवार से मैं अकेला राजनीति में हूं। मेरे नाम से या मेरे नजदीकी के नाम से किसी पर कोई भरोसा न करें। मैं पार्टी लाइन से अलग नहीं रहता हूं। मेरे नाम से किसी के बहकावे में न आएं। मैं अभी इंदौर गया था वहां मुझे एक जगह जाने के लिए फोन आया तो मैने सीधे कहा आप जिलाध्यक्ष से बात करो। भाजपा ही मेरा परिवार है। समन्वय ही संगठन की ताकत है। हमारी कोशिश होगी कि सत्ता और संगठन एक रूप दिखे। 

बूथ से प्रदेश स्तर तक नियमित हों बैठकें 

प्रदेश अध्यक्ष श्री खंडेलवाल ने बूथ से लेकर प्रदेश स्तर तक नियमित बैठकों के लिए भी समय-सीमा निर्धारित की। उन्होंने कहा कि शनिवार की बैठक में जिला पदाधिकारी और मंडल अध्यक्ष शामिल हों। दो दिन बाद मंडल पदाधिकारियों और शक्ति केंद्र संयोजकों की बैठकें हों। हालांकि, शक्ति केंद्रों की समिति का गठन होना है। गुरुवार-शुक्रवार को शक्ति केंद्र और बूथ अध्यक्षों की बैठक आयोजित करें। मन की बात के बहाने हमारी बूथ की बैठक हो जाती है। प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक हर दो महीने में होगी। 

सभी 55 जिलों में बनेंगे कार्यालय 

श्री खंडेलवाल ने कहा कि प्रदेश में हमारे 62 संगठनात्मक जिले हैं। जो ग्रामीण जिले हैं उनके कार्यालयों को मुख्य जिला केन्द्र के कार्यालय से जोडक़र रखें। 12 आदिवासी बहुल जिलों अपेक्षा अनुरुप कार्यालय नहीं बने हैं। उन्होंने कहा कि हर जिला कार्यालय में एक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग रूम जरूर बनाएं। आप बजट की चिंता न करें। 

पुराने कार्यकर्ताओं से मिलने करेंगे संभाग प्रवास 

श्री खंडेलवाल ने बताया कि वे संभागीय संगठन महामंत्री के साथ संभागवार प्रवास करेंगे। प्रवास कार्यक्रम तैयार किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा, 

हमारे प्रवास के दौरान पुराने कार्यकर्ता जो अब भले ही सक्रिय नहीं हैं लेकिन, जनसंघ और भाजपा में उन्होंने योगदान दिया है मेरे प्रवास के दौरान उनके घर जाने के कार्यक्रम बनाने की जिम्मेदारी आपकी है।

समाज को जोडऩे के लिए काम करें कार्यकर्ता: डॉ. महेन्द्र सिंह

भाजपा के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने कहा कि पार्टी के सभी कार्यकर्ता पूरी तैयारी के साथ हर समय सचेत रहें और समन्वय बनाकर संगठन के कार्यों को सुनिश्चित करें। हम सभी कार्यकर्ताओं को पार्टी की पंच निष्ठा, वैचारिक अधिष्ठानों के आधार पर कार्य करते हुए समाज को पार्टी से जोडऩे के लिए कार्य करना है। 

जन-जन तक पहुंचाएं सरकार की उपलब्ध्यिां: शर्मा 

प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा ने संगठन के विभिन्न अभियानों में जुटने का आह्वान करते हुए कहा कि  ‘एक देश एक चुनाव’ देश की आवश्यकता है। इसकी जानकारी और सच्चाई जन-जन तक पहुंचाने के लिए हमें कार्ययोजना बनाकर कार्य करना होगा। बैठक में पार्टी के प्रदेश पदाधिकारी, जिला प्रभारी, जिला अध्यक्ष, मोर्चां के अध्यक्ष एवं प्रकोष्ठों के प्रदेश संयोजक उपस्थित रहे।