Breaking News:

• रेखा यादव ने संभाला महिला आयोग अध्यक्ष का कार्यभार • ‘एक्टिव मोड’ में कार्य करें अधिकारी, लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई, समय सीमा बैठक में कलेक्टर के निर्देश • पश्चिम बंगाल विजय पर भाजपा कार्यालय में मना उत्सव, ढोल-नगाड़ों के बीच झूमे कार्यकर्ता, प्रदेश अध्यक्ष ने मिठाई के साथ खिलाई झालमुड़ी • कौशल शर्मा ने ग्रहण किया महर्षि पतंजलि संस्कृत संस्थान के अध्यक्ष का पदभार • मोदी की झोली में बंगाल की ममता, भगवा हो गया ‘झालमुई’ का रंग, प्रधानमंत्री बोले यह ऐतिहासिक और अभूतपूर्व दिन • रोटेशन नहीं ट्रांसफर हैं ये: चेकपोस्ट व्यवस्था के बाद ही जारी होगी परिवहन विभाग की चक्रानुक्रम (रोटेशन) सूची! अभी मैदानी अमले को मिलना शुरू हुई नई पदस्थापना
राजधानी

Image Alt Text

राजधानी में किराए के मकान तलाशेंगे विधायक!

राजधानी

पुराने खंडों को तोडक़र बनेगा बहुमंजिला विधायक विश्राम गृह 

भोपाल। मध्यप्रदेश के करीब दो सैकड़ा विधायकों को जल्द ही विधायक विश्रामगृह खाली करना पड़ सकता है। ऐसी स्थिति में जिन विधायकों के राजधानी में निजी आवास नहीं हैं, उन्हें भोपाल प्रवास के दौरान होटल अथवा किराए के मकान में रहना होगा। हालांकि नए भवन का निर्माण होने तक विश्राम गृह खाली करने वाले सभी विधायकों को विधानसभा की ओर से आवास भत्ता दिया जाएगा। 

नए विधायक विश्रामगृह निर्माण कार्य का भूमिपूजन 21 को 

राजधानी में नए विधायक विश्रामगृह निर्माण कार्य का भूमिपूजन 21 जुलाई को वर्तमान विधायक विश्रामगृह के खंड क्रमांक 1 के सामने सुबह 10.30 बजे से होगा। पहले चरण में 102 आवासीय परिसरों का निर्माण शुरू होना है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव होंगे। अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर करेंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में संसदीय कार्यमंत्री कैलाश विजयवर्गीय और लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम में दोनों ही विभागों के प्रमुख सचिव सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं राजनेता उपस्थित रहेंगे। 

 राजधानी में निजी आवास, फिर भी मिलेगा भत्ता 

भाजपा और कांग्रेस के कई विधायकों और मंत्रियों के राजधानी भोपाल में निजी आवास हैं। भोपाल में बंगले और विश्रामगृह में आवास भी आवंटित हैं, लेकिन भोपाल प्रवास के दौरान अधिकांश निजी अवासों में ही रुकते हैं। विश्रामगृह में परिचितों, मित्रों अथवा क्षेत्र से आने वाले समर्थकों को ठहरवाया जाता है। विश्रामगृह के पुननिर्माण की स्थिति में विधायकों के आवास खाली कराए जाते हैं तो निर्माण कार्य पूरा होने तक सभी को आवास भत्ता दिया जाएगा।  

विधायकों को फ्लैट के रूप में मिलेंगे नए आवास 

विधायक विश्रामगृह में आवंटित आवासों के स्थान पर विधायकों को छह मंजिला इमारतों में करीब 2600 वर्गफीट आकार का 3-बीएचके फ्लैट आवंटित किए जाएंगे। इसमें विधायक के लिए बैठक कक्ष और कार्यालय के लिए अलग से कमरे भी होंगे। नीचे पार्किंग भी होगी। यहां विधायकों को जिम, स्वीमिंग पूल एवं कैंटीन जैसी सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। पारिवारिक कार्यक्रमों के लिए यहां एक विशाल सभागार भी बनाया जाएगा। 

24 सितम्बर 2024 को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में हुई मंत्रि-परिषद की बैठक में इस परियोजना के पहले चरण को स्वीकृति दी गई थी। जिसमें विधायक विश्राम गृह के खंड एक और शॉपिंग कॉम्पलेक्स को तोडक़र उसके स्थान पर छह मंजिला इमारत में 102 फ्लैट बनाए जाएंगे। मंत्रि-परिषद ने इसके लिए 159.13 करोड़ रुपये की स्वीकृति भी दी थी। इस पूरी परियोजना में विधायक विश्रामगृह में एक भी पेड़ नहीं काटा जाएगा। निर्माण एजेंसी लोक निर्माण विभाग होगी।