राजधानी

Image Alt Text

बड़े तालाब को लबालब होने 6.6 फीट पानी की दरकार

राजधानी

-पिछले साल के मुकाबले 0.5 फिट ज्यादा पानी
-1660.20 फीट हुआ जल भराव, यह साल भर के लिये पर्याप्त पानी
भोपाल। राजधानी क्षेत्र में लगातार हुई बारिश से भोपाल की लाइफ लाइन कहे जाने वाले बड़े तालाब के जल स्तर में बढ़ोतरी शुरु हो गई है। इसको लबालब होने के लिये 6.6 फीट पानी की दरकार है। शनिवार इसका जलभंडारण 1660.20 फीट रहा। यह पिछले साल के मुकाबले 0.5 फीट अधिक है। इसे शहर की पेयजल आपूर्ति के लिहाज से साल भर के लिये पर्याप्त माना जा रहा है।
     महत्वपूर्ण है कि भोपाल और आसपास के क्षेत्र में अब तक औसत से 26 प्रतिशत अधिक पानी गिर चुका है। इसका असर शहर के आसपास के जलाशयों में बढ़े जल स्तर के रूप में दिखाई दिया है। इसमें शहर में करीब 20 प्रतिशत आबादी को पानी सप्लाई करने वाला बड़ा तालाब भी शामिल है।  इसको फुल वॉटर टॅंक के लिये महज 6.6 फीट पानी की दरकार बनी हुई है।  इसके बाद भी साल भर जलआपूर्ति के लिये इस पानी को पर्याप्त माना जा रहा है। सिहोर की कोलांस नदी बड़ा तालाब का मुख्य जलस्त्रोत है।
कोलार डेम में भी बढ़ा पानी
भोपाल में कोलार डेम से भी शहर के लिये पानी की सप्लाई होती है। डेम का कुल वॉटर लेवल 1516.40 फीट है। कैचमेंट एरिया में तेज बारिश होने से लेवल बढऩे लगेगा। अभी इसमें 1486.97 फीट पानी बताया गया है। कोलार डेम से भी भोपाल शहर के 40 प्रतिशत हिस्से में पानी की सप्लाई की जाती है। कमोबेश यही स्थिति कलियासोत डेम की भी बनी हुई है। यहां का जलस्तर भी 1660.20 फीट पर बना हुआ है।
गर्मी में सिर्फ ढाई फीट ही कम हुआ था पानी
मई-जून महीने में भोपाल में तेज गर्मी नहीं पडऩे के कारण बड़े तालाब का पानी वाष्पीकृत नहीं हुआ। ऐसे में दो महीने में सिर्फ ढाई फीट ही पानी कम हुआ है। पिछले साल हुई वर्षा के दौरान बड़ा तालाब पूरा भर गया था, जिससे भदभदा डैम के गेट खोलने पड़ गए थे। एक अप्रैल की स्थिति में बड़ा तालाब में 1661.90 फीट पानी था। जबकि बड़ा तालाब से प्रति दिन 25 एमजीडी (मिलियन गेलन पानी प्रतिदिन) की आपूर्ति की जाती है।
आपस में जुड़ी है यहां की जलसंरचनाएं
बड़ा तालाब, भदभदा और कलियासोत डेम एक-दूसरे से जुड़े हुए है। बड़े तालाब का पानी भदभदा से होकर कलियासोत में जाता है। इसमें कलियासोत डेम का पानी सिंचाई के लिए उपयोग लिया जाता है। इससे भूजल स्तर बढ़ाने में मदद मिलती है।