राजनीति

Image Alt Text

मेरा प्रयास है अनुशासित हो हर भाजपा कार्यकर्ता

राजनीति


- पत्रकारों के साथ परिचय बैठक में बोले नव-निर्वाचित भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल

- खुद के लिए मैंने कभी कुछ नहीं मांगा 

भोपाल। मध्यप्रदेश भारतीय जनता पार्टी के नव-निर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने सोमवार को राजधानी की प्रिंट मीडिया के चुनिंदा पत्रकारों के साथ परिचय बैठक एवं अनौपचारिक चर्चा की। इस दौरान उन्होंने मीडियाकर्मियों से अपने विचार और भावी कार्योजना को साझा किया। साथ ही संगठनात्मक कार्यशैली, कार्ययोजना और राजनीति से जुड़े कुछ सवालों के जवाब भी दिए। 

प्रदेश अध्यक्ष बनने एवं स्वयं की सक्रिय राजनीतिक यात्रा का उल्लेख करते हुए श्री खंडेलवाल ने कहा कि मैंने पार्टी से अपने लिए कभी कुछ नहीं मांगा। पार्टी ने जब जिस लायक समझा दिया। उन्होंने बताया कि 2007 में बैतूल लोकसभा क्षेत्र के उप चुनाव में उन्होंने टिकट नहीं मांगा, बल्कि इसके लिए मना किया था। विधानसभा चुनाव लडऩे की इच्छा भी नहीं थी, लेकिन पार्टी ने मुझे टिकट देकर चुनाव लड़वाया।

कार्यकर्ताओं को अनुशासन की सीख 

 ‘पिछली बैठकों में कार्यकर्ताओं को अनुशासित रहने की सीख दी है। संघ के स्वयंसेवक की तरह हम अनुशासन में रहें। पार्टी के लिए समर्पित रहें। स्वयं की जगह पार्टी और सरकार के कामों का प्रचार करें। कार्यकर्ताओं को सुझाव और समझाइश दे सकता हंू। मैं अगर अपना टोल चुकाकर वाहन निकालता हूं तो ऐसा करने के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं को भी ऐसा करने के लिए नहीं कह सकता। हालांकि व्यक्ति की अनुशासित जीवनशैली में इस तरह की बातें शामिल होना चाहिए।’ एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि वे पार्टी को पुराने नेताओं के दिखाए रास्ते पर चलने का प्रयास करेंगे। 

जरूरी हुआ तो और बढ़ाएंगे भाजपा परिवार

निवर्तमान अध्यक्ष वीडी शर्मा के कार्यकाल में हजारों की संख्या में कांग्रेसी भाजपा में शामिल हुए, क्या यह कम आगे भी जारी रहेगा? जवाब में श्री खंडेलवाल ने कहा कि वैसे तो भाजपा बहुत बड़ा परिवार हो गया है, इसकी आवश्यकता नहीं है। हां लेकिन कांग्रेस का कोई बड़ा नेता भाजपा में आना चाहता है तो पार्टी की मजबूती के लिए इस पर निर्णय लेंगे। 

गुटबाजी पर बोले-भाजपा बड़ा परिवार 

ग्वालियर चंबल में दो बड़े नेताओं के बीच कामों को लेकर श्रेय और गुटबाजी के सवाल पर प्रदेश अध्यक्ष खंडेलवाल ने कहा, भाजपा बड़ा परिवार है। छोटे-मोटी बातें होती रहती है।