राजनीति

Image Alt Text

ड्रग्स, शराब तस्करी, सिया विवाद भी सदन में उठेगा

राजनीति

किसानों से लेकर भ्रष्टाचार, काननू-व्यवस्था पर घिरेगी सरकार

भोपाल। मप्र विधानसभा का मानसून सत्र सोमवार से शुरू हो रहा है। इस बार  विपक्ष जनहित के मुद्दों पर सरकार की घेराबंदी करने की पूरी रणनीति बनाकर सदन में उतरेगा। इसको लेकर धार के मांडू से लेकर विधायक दल की बैठक में मुद्दों पर चर्चा हो चुकी है। जिनमें प्रदेश में अवैध खाद-बीज की बिक्री से लेकर ड्रग तस्करी, अवैध शराब के मुद्दे शामिल हैं। साथ बढ़ते अपराधों को भी सदन में उठाया जाएगा। जिसमें महिला अपराध प्रमुख है। विपक्ष सरकार से अनुपूरक मांग पर चर्चा के दौरान निवेश के संबंध में सवाल पूछेगी। साथ ही निवेश को लेकर श्वेत पत्र की मांग कर सकती हैं। 

रविवार शाम राजधानी के पलाश होटल में कांग्रेस विधायक दल की बैठक में दो घंटे तक चर्चा हुई। इससे पहले नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने बताया कि प्रदेश में स्थिति बेहतर नहीं है। ड्रग का कारोबार बढ़ रहा है। राजधानी में जिस तरह से ड्रग तस्कर पकड़े जा रहे हैं। उससे प्रदेश भर की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है। स्कूल, कॉलेजों को ड्रग सप्लायर अड्डा बना दिया है। उन्होंने कहा कि सबसे बड़ा सवाल है कि चाहे ड्रग माफिया हो या अन्य माफिया उन्हें संरक्षण कौन दे रहा है। भोपाल के मामले में निष्पक्ष और पारदर्शी जांच होना चाहिए। विधायक दल की बैठक में प्रशासनिक व्यवस्था, शिक्षा, स्वास्थ्य, सडक़, भ्रष्टाचार को भी मुद्दा बनाने पर चर्चा हुई। जिसमें सिया अध्यक्ष और प्रमुख सचिव के बीच चले विवाद को सदन में उठाया जा सकता है। हरदा लाठीचार्ज के अलावा अन्य शहरों में पुलिसिया ज्यादतियों को भी कांग्रेस सदन में उठाएगी। बैठक में सभी विधायकों से अपने-अपने क्षेत्र के किसान, जनजाति एवं अजा वर्ग पर अत्याचार के मामले सदन में उठाने पर बात हुई। बैठक में कांग्रेस के करीब 38 विधाकों ने हिस्सा लिया। बैठक में कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव कमलेश्वर पटेल, उप नेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे के अलावा संगठन के अन्य पदाधिकारी भी पहुंचे।