Breaking News:

• देर रात मप्र के आईपीएस की बड़ी तबादला सूची जारी, स्पेशल डीजी से लेकर सीएसपी स्तर के 62 अधिकारी स्थानांतरित देखें सूची • 18 साल के राजनीतिक वनवास के बाद यदुवंशी की जै जै .... • किसी को खराब प्रदर्शन की सजा तो किसी को मिला उत्कृष्ट प्रदर्शन का इनाम, आधी रात के बाद जारी की 62 आईपीएस अधिकारियों की स्थानांतरण सूची • पूर्व विधायक रेखा यादव अध्यक्ष, साधना सदस्य नियुक्त,6 साल बाद राज्य महिला आयोग में हुई नियुक्तियां • अर्थियां सजाकर मंत्री निवास को निकले, पुलिस ने रोका तो की धक्कामुक्की, जबलपुर की क्रूज दुर्घटना को लेकर युवा कांग्रेस का भोपाल में प्रदर्शन • भोपाल जिले के भाजपा कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षण वर्ग 15-17 मई को, पार्टी नेताओं ने देखा प्रशिक्षण स्थल, कामकाजी बैठक में की समीक्षा
राजधानी

Image Alt Text

अक्टूबर में सवारियों के साथ दौड़ेगी भोपाल मेट्रो

राजधानी

-प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिखाएंगे हरी झंडी 

-मुख्यमंत्री ने की सवारी और कार्र्यों का किया अवलोकन 

भोपाल। इंदौर के बाद इसी साल अक्टूबर में भोपाल मेट्रो सवारियों के साथ दौडऩे लगेगी। इसका शुभारंभ हरी झंडी दिखाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। यह कहना है मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव का। वह रविवार को मेट्रो परियोजना के प्रायटी कॉरीडोर का अवलोकन कर रहे थे। इसके पहले वह मेट्रो में सवार होकर सुभाष नगर स्टेशन से रानी कमलापति स्टेशन पहुंचे थे। 

      यहां पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि आज मैं यहाँ चल रही परियोजना का निरीक्षण करने आया हूँ। यहाँ मेट्रो परियोजना अपने अंतिम चरण में है और आने वाले दिनों में जबलपुर और अन्य शहरों में भी मेट्रो रेल होगी। साथ ही बताया कि भोपाल मेट्रो ट्रेन का काम भी तेजी से जारी है। कुछ काम शेष रह गये हैं, जो डेढ़ से दो महीने में पूरे कर लिए जाएंगे। अभी मेट्रो का टेस्ट रन चल रहा है। रिसर्च डिजाइन स्टैंडर्ड ऑर्गेनाइजेशन (आरडीएसओ) द्वारा निरीक्षण पूरा कर लिया गया है। शीघ्र ही कमिश्नर, मेट्रो रेल सेफ्टी (सीएमआरएस) निरीक्षण के लिए आएंगे। कमिश्नर रेल सेफ्टी से अनुमति मिलते ही भोपाल मेट्रो ट्रेन का प्रायोरिटी कॉरीडोर आमजन के लिए खोल दिया जाएगा।

नागरिकों को मिलेगा आनंदमयी यात्रा का उपहार 

मुख्यमंत्री ने मेट्रो ट्रेन के सफर को आनंददायक बताते हुए कहा कि हम जल्द से जल्द भोपाल के हर नागरिक को इस आनंदमयी यात्रा का उपहार देना चाहते हैं। वह सुभाष नगर मेट्रो स्टेशन के समीप स्थापित मेट्रो ट्रेन के सेंट्रल कंट्रोल रूम (कमांड सेंटर) भी गयेे और वहां अपर मुख्य सचिव संजय दुबे ने मेट्रो ट्रेन संचालन के बारे में तकनीकी जानकारी देते हुए अब तक के विकास घटनाक्रम की विस्तार से अवगत कराया। इस अवसर पर पिछड़ा वर्ग अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री श्रीमती कृष्णा गौर, भाजपा जिलाध्यक्ष रविन्द्र यति, राहुल कोठारी सहित एमपी मेट्रो ट्रेन कॉर्पोरेशन लिमिटेड के अधिकारी उपस्थित थे। 

मप्र की प्रगति का प्रतीक है मेट्रो 

मुख्यमंत्री ने भोपाल मेट्रो को मध्यप्रदेश की प्रगति का प्रतीक बताया है। इस परियोजना को कुल 6941.40 करोड़ रुपए की लागत से विकसित किया जा रहा है। सुभाष नगर स्टेशन से एम्स स्टेशन तक प्रायोरिटी कॉरिडोर बनाया जा रहा है। इसकी अनुमानित लागत 2225 करोड़ रुपए है। भोपाल मेट्रो के दोनों कॉरिडोर्स (ऑरेंज और ब्लू लाइन) वर्ष 2030 से पहले पूर्ण रूप से चालू करने का लक्ष्य है। इसकी डिजाइन स्पीड 90 किमी प्रति घंटा है और ऑपरेशनल स्पीड 40-60 किमी घंटा होगी। हर मेट्रो स्टेशन के बीच मात्र 2 मिनट का समय लगेगा। 

ऐसी है भोपाल मेट्रो परियोजना 

भोपाल मेट्रो रेल परियोजना को नवंबर 2018 में मंजूरी दी गई। भोपाल मेट्रो की दोनों लाइन की कुल वास्तविक लंबाई लगभग 30 किलोमीटर है और इसके 30 स्टेशनों में ये 2 भूमिगत स्टेशन शामिल हैं। ऑरेंज लाइन-करोंद चौराहा से एम्स साकेत नगर तक और ब्लू लाइन- भदभदा चौराहा से रत्नागिरी तिराहा तक होगी। मेट्रो डिपो सुभाष नगर में स्थापित होगा। भोपाल मेट्रो के पहले फेज (पुल बोगदा से एम्स तक) का कार्य अगस्त 2025 तक पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है, जिसकी लंबाई 7 किलोमीटर और स्टेशनों की संख्या 8 है। वहीं, दूसरे फेज में करोंद चौराहा से पुल बोगदा तक 9 किलोमीटर में 6 स्टेशन बनाए जाएंगे इनमें से 2 स्टेशन जमीन के नीचे बनाए जाएंगे। भोपाल मेट्रो के तीसरे फेज में भदभदा चौराहा से रत्नागिरी तिराहा तक 14.16 किलोमीटर में मेट्रो ट्रैक बनाया जाएगा, जिसमें कुल 14 एलिवेटेड स्टेशन निर्मित किए जाएंगे। भोपाल मेट्रो के दूसरे और तीसरे फेज का निर्माण कार्य जून 2028 तक पूर्ण करने का लक्ष्य है। यहां पुल बोगदा ऑरेंज और ब्लू लाइन का इंटरचेंज स्टेशन होगा।