राजनीति

Image Alt Text

पत्तों की माला पहन विपक्ष ने विधानसभा में किया प्रदर्शन

राजनीति

भोपाल। मध्यप्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र में अनूठे तरीके से विपक्ष का प्रदर्शन तीसरे दिन भी जारी रहा। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के नेतृत्व में पत्तों की माला पहनकर पहुंचे कांग्रेस विधायकों ने जनजातिय समाज के जल, जंगल और जमीन जैसे मुद्दों को लेकर सरकार को घेरा। 

नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि सरकार जनजातियों को वन पट्टों का अधिकार देना ही नहीं चाहती। प्रदेश में जनजातियों की जमीनों से बेदखली की जा रही है, वन पट्टे निरस्त किए जा रहे हैं, पेसा कानून को जमीन पर लागू नहीं किया जा रहा है और जनजातीय समाज के संवैधानिक अधिकारों को छीना जा रहा है। सरकार जनजातियों के भूमि पट्टे निरस्त कर रही है, जबकि 2006 के पहले से जमीन पर बसे हुए जनजातीय समाज को नियमानुसार पट्टे दिए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि गूगल मैप और गूगल इमेजिंग जैसी तकनीकों का उपयोग कर सरकार यह प्रमाणित किया जा सकता है कि कौन आदिवासी कब से किस जमीन पर रह रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस पार्टी सडक़ से लेकर सदन तक आदिवासियों के हक और अधिकारों की लड़ाई मजबूती से लड़ती रहेगी।